अजमेर. अजमेर डेयरी के एमडी के खिलाफ चल रहे महिला उत्पीड़न प्रकरण में पीड़ित महिलाओं से मिलने के लिए राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य अजमेर आएंगी। दो दिन पहले ही संभागीय आयुक्त ने इस मामले में आयोग के निर्देश पर 17 जनों के बयान दर्ज किए हैं।
आयोग की सदस्य यासमीन अबरार 15 अक्टूबर को अजमेर पहुंचकर पीड़ित महिलाओं से बातचीत करेंगी। इसके बाद वे संभागीय आयुक्त दीपक उप्रेती से मामले की जानकारी हासिल करेंगी। सूत्रों का कहना है कि अबरार डेयरी के एमडी से भी बात कर सकती हैं।
अध्यक्ष से की थी शिकायत
डेयरी की सहायक परियोजना अधिकारी लीला त्रिपाठी और देवगढ़ दुग्ध समिति की सचिव प्रभा कंवर ने राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष गिरिजा व्यास को मामले की शिकायत की थी। त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि डेयरी के एमडी गोदारा और सुपरवाइजर जीतमल ने उसके आवास परिसर में घुसने की कोशिश कर छेड़छाड़ की। उन्होंने पुलिस अधीक्षक सेंगथिर पर भी मामले में कोई कार्रवाई नहीं करने के साथ बदसुलूकी का आरोप लगाया।
इसी प्रकार देवगढ़ दुग्ध समिति की सचिव प्रभा कंवर ने भी गोदारा पर 32 हजार रुपए का भुगतान रोकने, कार्यालय में अकेले आकर मिलने सहित अन्य गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद राष्ट्रीय महिला आयोग ने संभागीय आयुक्त उप्रेती से मामले की जांच करने के निर्देश दिए थे। उप्रेती ने सोमवार को दोनों उत्पीड़ित महिलाओं सहित 17 लोगों के बयान लिए हैं। उन्होंने अभी रिपोर्ट आयोग को नहीं भेजी है।