इंदौर. पांच साल में सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) ने इंदौर संभाग में एक रुपया प्रति यात्री की दर से ढाई करोड़ रुपए बीमा के वसूले लेकिन क्लेम किसी को भी नहीं दिया। वसूली तो आज भी जारी है लेकिन रोडवेज की सफाई है 2002 के पहले तक यात्रियों को यह सुविधा हम देते थे अब बस मालिक जिम्मेदार हैं।
एक रुपया बीमा योजना के तहत यात्रा के दौरान मौत होने पर एक लाख रुपए, गंभीर घायल को 50 हजार रुपए और साधारण चोट वाले यात्रियों को देने की व्यवस्था थी। 2002 तक तो सब ठीक चला।
उसके बाद यात्रियों से वसूली तो जारी रही और क्लेम बंद हो गया। रोडवेज इंदौर संभाग में 55 मार्गो पर 355 अनुबंधित बसें संचालित कर हर साल 50 लाख रुपए से ज्यादा बीमा राशि जुटाता है।
अनुबंधित बसों के यात्रियों की पूरी जिम्मेदारी वाहन मालिक पर छोड़ने के कारण कोई हादसा होने पर कोर्ट जाना पड़ता है। वहां से जीतने पर ही क्लेम मिलता है।
बीमा राशि से पुराने प्रकरणों में भुगतान
2002 के बाद रोडवेज की बसें चलना बंद हो गईं। जब तक चलती थीं हाथोहाथ क्लेम का भुगतान किया। अनुबंधित वाहनों के यात्रियों की जिम्मेदारी बस मालिकों की है। हम जो बीमा राशि ले रहे हैं उससे पुराने क्लेम प्रकरणों में भुगतान होता है।
-डी.पी. द्विवेदी, संभागीय प्रबंधक रोडवेज
यात्रियों को भी नहीं पता
खंडवा जाने वाले राहुल तिवारी ने बताया रोडवेज को १ रुपया बीमा राशि देकर सुरक्षित महसूस करते थे। दीपक पाराशर ने कहा रोडवेज बीमा राशि लेने के बाद भी क्लेम नहीं देता पता नहीं था।
तीन की मौत के बाद भी क्लेम नहीं
हाल ही में महू उपनगरीय बस हादसे में तीन व्यक्ति मारे गए और एक गंभीर घायल हुआ पर क्लेम नहीं मिला। बस संचालक रफीक खान ने बताया हम यात्रियों को सीधे कोई राशि नहीं दे सकते। जिस कंपनी से बीमा कराया है वह कोर्ट के आदेश पर क्षतिपूर्ति का भुगतान करेगी।
बस संचालकों को मिले बीमा राशि
इंदौर-बुरहानपुर मार्ग पर बस (एमपी 09-9854) संचालक महेश शर्मा ने बताया हम यात्रियों से बीमा राशि वसूलकर रोडवेज को देते हैं जबकि क्लेम की जिम्मेदारी हम पर डाल दी है जिससे अलग से बीमा कराना पड़ता है। इंदौर-सनावद बस (एमपी 09एस 9008) संचालक अंतिम जायसवाल ने बताया मांग कर चुके हैं रोडवेज बीमा राशि हमें ही दे दे।
टिकट के बिना क्लेम कैसे
सरवटे बस स्टैंड के प्रभारी दिनेश पटेल ने बताया अनुबंधित बसों में ज्यादातर यात्रियों को टिकट नहीं दिए जाते। दुर्घटना होने पर क्लेम कैसे मिलेगा।