कोटा/जयपुर. राजस्थान हाईकोर्ट ने कोटा में सेज के लिए की जा रही जमीन अवाप्ति की अग्रिम कार्रवाई पर अंतरिम रोक लगा दी है। रीको ने कोटा के मंडाना में विशेष आर्थिक जोन बनाना प्रस्तावित कर रखा है। इसके लिए वहां के काश्तकारों की 300 बीघा जमीन अवाप्त की जा रही थी।
लालचंद जैन व मोहनलाल सुमन व अन्य ने इसके लिए अवाप्ति की कार्रवाई को हाईकोर्ट में याचिका दायर कर चुनौती दी। न्यायाधीश मोहम्मद रफीक के यहां बुधवार को मामले की सुनवाई हुई। उन्होंने अवाप्ति की अग्रिम कार्रवाई पर रोक लगा दी। साथ ही राज्य सरकार, रीको और भूमि अवाप्ति अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं।
पिछले साल जुलाई में राज्य सरकार की मंडाना में सेज की स्थापना की घोषणा के साथ ही विरोध के स्वर मुखर हो उठे थे। किसानों ने मंडाना बचाओ संघर्ष समिति के तत्वावधान में कई आंदोलन भी किए। बाद में इसकी हाईकोर्ट में अपील दायर की गई थी।