bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

महंत की मेक्लाउड से गुफ्तगू

बिलासपुर. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चरणदास महंत ने बुधवार को सांसद इंग्रिड मेक्लाउड के साथ लगभग आधे घंटे तक बंद कमरे में गुफ्तगू की। बताया जा रहा है कि उन्होंने जिले में संगठनात्मक स्थिति और 23 अक्टूबर को होने वाले जिला सम्मेलन के संबंध में उनसे चर्चा की है।

पीसीसी अध्यक्ष श्री महंत आज दोपहर को यहां स्व. अशोक राव के गंगा पूजन कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। इस दौरान उन्होंने स्व. भागवत दुबे के परिजनों और श्रीमती कांता सिन्हा की सास के निधन पर उनके यहां जाकर भी परिजनों से भेंट की। इसके बाद वे श्रीमती मेक्लाउड के निवास पर पहुंचे। वहां पर उन्होंने सामान्य चर्चा के बाद उनसे अलग से भी विचार-विमर्श किया।

इसमें पूर्व मंत्री विद्याचरण शुक्ल के कांग्रेस प्रवेश के बाद प्रदेश में बदलते राजनीतिक समीकरण, जिले में संगठन की मजबूती के संबंध में चर्चा होने की जानकारी है। इसके अलावा इसमें 23 अक्टूबर को होने वाले कांग्रेस के जिला स्तरीय सम्मेलन के बाबत भी चर्चा होने की जानकारी दी जा रही है।

कांग्रेस का जिला सम्मेलन इसके पहले 21 सितंबर को तय किया गया था। इसमें अगले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी की रणनीति तय की जानी थी। इसके तहत बूथों में कार्यकर्ताओं की नियुक्ति, क्षेत्र में नेताओं को सक्रिय करने के लिए जिम्मेदारी भी तय जानी है। इसी बीच छत्तीसगढ़ के प्रभारी बदलने के साथ ही कार्यकारिणी बनाने की सुगबुगाहट के बीच श्री महंत दिल्ली चले गए। इससे सम्मेलन स्थगित कर दिया गया था।

अब इसके आयोजन के लिए एक बार फिर तैयारी शुरू कर दी गई है। श्री महंत इसके पहले दोपहर लगभग दो बजे छत्तीसगढ़ भवन पहुंचे और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उनके साथ रायपुर से वीसी समर्थक सुभाष धुप्पड़ और अंजय शुक्ल भी थे। यहां उनकी अगवानी के लिए पहुंचने वालों में बसंत शर्मा, राजेंद्र शुक्ला, आशीष सिंह, अटल श्रीवास्तव, मनोज तिवारी, जफर अली, जयंत मनहर, राकेश द्विवेदी आदि शामिल थे।

16 को रायपुर जाएंगे कांग्रेसी
छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नए प्रभारी नारायण सामी 16 अक्टूबर को रायपुर आ रहे हैं। इस दौरान वे पार्टी के प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ताओं से चर्चा करेंगे। जिला कांग्रेस अध्यक्ष बैजनाथ चंद्राकर ने बताया कि श्री सामी से मिलने के लिए यहां से भी प्रमुख पदाधिकारी और नेता जाएंगे। श्री सामी के यहां आगमन को कार्यकारिणी गठन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: