News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. चिल्हाटी क्षेत्र की चूना पत्थर खदानों की लीज मिलना इस बार आसान नहीं होगा। इसके लिए देश की कुछ बड़ी कंपनियों सहित स्थानीय स्पंज आयरन कारखानों की भी नजर है। खदानों के लिए दो नवंबर से आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो रही है।
मस्तूरी ब्लाक की चूना पत्थर खदान अच्छी क्वालिटी की होने के कारण सीमेंट और स्पंज आयरन कंपनियों की इस पर नजर है। इसके पहले यहां की खदानों को स्टील अथारिटी आफ इंडिया (सेल) ने लीज पर लिया हुआ था। उसके लीज सरेंडर की कार्रवाई पूरी किए बिना ही शासन ने पिछले महीने जिंदल, एसीसी और लाफार्ज सीमेंट कंपनियों को खदान लीज पर देने का करार कर लिया था।
समझौते में यह भी तय किया गया था कि कंपनियों को खदानें तभी मिलेंगी, जब वे वहां पर सीमेंट कारखाना लगाएंगी। कंपनियां इसके लिए तैयार भी हो गई थीं। इसी बीच सेल ने अपनी लीज सरेंडर न होने के आधार पर आपत्ति कर दी। इससे सरकार ने जिंदल, एसीसी और लाफार्ज से किया गया करार रद्द कर नए सिरे से लीज प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा कर दी।
इसके लिए पूरे खदान एरिया को ओपन घोषित कर लीज देने की प्रक्रिया नए सिरे से शुरू की जा रही है। ओपन एरिया घोषित होने के बाद नियमानुसार महीने भर तक खदानें लीज पर नहीं दी जा सकतीं। यह अवधि एक नवंबर को खत्म हो जाएगी। दो नवंबर से खदानों को लीज पर देने के लिए प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
इसके लिए पूर्व में आवेदन कर चुकी तीनों सीमेंट कंपनियों सहित सेल और प्रदेश की स्पंज आयरन कंपनियां भी कतार में हैं। इसके पहले किसी का ध्यान यहां की खदानों पर न होने के कारण लीज आसानी से दे दी गई थी। इसके अलावा स्पंज आयरन संयंत्रों की संख्या भी कम थी। छत्तीसगढ़ बनने के बाद रायपुर, दुर्ग-भिलाई और जिले में स्पंज आयरन संयंत्रों की संख्या बढ़ी है।
चिल्हाटी इलाके के चूने की गुणवत्ता अच्छी होने के कारण स्पंज आयरन संयंत्र यहां खदानें लीज पर लेने की इच्छुक हैं। रायपुर की कुछ संयंत्र संचालकों ने यहां खनिज विभाग से संपर्क भी शुरू कर दिया है। जिला खनिज अधिकारी डी डोनगांवकर ने बताया कि राज्य शासन द्वारा तय किए गए नियमों के अनुसार यहां की खदानें लीज पर दी जाएंगी।
ओपन आवेदन की व्यवस्था होने के कारण बड़ी संख्या में कंपनियों के एप्लाई करने की संभावना है। इससे इस बार लीज मिलना आसान नहीं होगा। स्पर्धा बढ़ने से राज्य शासन को यहां से राजस्व भी पहले से ज्यादा मिलने की उम्मीद है।