News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर.
शराबी पति से तंग पत्नी ने आखिरकार उसकी जान ले ली। महिला ने पति के सिर पर मंगलवार की रात पत्थर दे मारा और फिर उसका गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। सरकंडा पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के मुताबिक अपोलो हास्पिटल के पीछे पुराना लिंगियाडीह निवासी 58 वर्षीय रामलाल यादव पिता समारू बाल्को में आपरेटर था। 10 साल पहले एक्सीडेंट में उसके सिर में गंभीर चोट आई थी। इसके बाद उसने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली थी। आमदनी के लिए वह पिछले तीन साल से किराने की दुकान चलाता था। घर में रहने के दौरान उसे शराब की लत लग गई थी।
वह रात में शराब पीकर आता और 55 वर्षीय पत्नी मीतू यादव से मारपीट करता। वह उस पर चरित्रहीनता का लांछन भी लगाता था। कल रात भी वह नशे की हालत में घर पहुंचा। वह साथ में शराब भी लेकर आया था। घर में उसने और शराब पी। इसके बाद मीतू के चरित्र पर शंका जताकर गाली-गलौज करने लगा। थोड़ी देर बाद वह उठा और मीतू की पिटाई करने लगा। उसने उसे घसीटना प्रारंभ कर दिया।
काफी देर सहन करने के बाद मीतू का धर्य टूट गया। उसने घर में ही पड़े, एक नुकीले पत्थर से रामलाल के सिर पर वार कर दिया। इससे उसका सिर फट गया और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। अभी मीतू का गुस्सा शांत नहीं हुआ था। उसने रामलाल का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद मीतू ऊपर कमरे में चली गई। आज सुबह उसने अपने एक रिश्तेदार को घटना की सूचना दी।
उसके रिश्तेदार ने सरकंडा थाने में रामलाल की मौत की जानकारी दी। उस समय पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया गया और घटना को सामान्य हादसा बताया जा रहा था। बाद में थाना प्रभारी डीके नेताम सदलबल मौके पर पहुंचे। उन्होंने मीतू पर जोर देकर पूछताछ की तो हत्या का मामला सामने आया। घटना की सूचना उच्च अधिकारियों व एफएसएल को दी। एफएलएल के प्रभारी डा. कैलाश चौधरी एक्सपर्ट्स के साथ पहुंंचे।
घटनास्थल का मुआयना करने के बाद हत्या के प्रयुक्त पत्थर, शराब की बोतल आदि जब्त कर ली गई है। एडीशनल एसपी सिटी बद्रीनारायण मीणा भी घटनास्थल पहुंचे। मीतू के खिलाफ धारा 302 के तहत अपराध कायम कर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है।
दूसरी पत्नी थी मीतू
रामलाल का एक बेटा 18 साल का रेवतीरमण व 8 साल की बेटी है। रेवतीरमण सरस्वती शिशु मंदिर राजकिशोरनगर में 12वीं का छात्र है, वहीं बेटी चौथी में पढ़ती है। रोज-रोज की मारपीट से तंग आकर मीतू ने अपनी बेटी को रिश्तेदार के साथ पोड़ी भेज दिया था।
कल रात रामलाल के बड़े भाई के घर जन्मदिन की पार्टी थी। रेवतीरमण पार्टी में गया था और रात में वहीं रुक गया था। मीतू मारपीट व प्रताड़ना से तंग आकर वह काफी कमजोर हो गई थी।
अनसुलझे पहलू
घटना के दिन घर का सूना होना
पहले मामले को छिपाने की कोशिश, लेकिन बाद में पत्नी ने स्वीकार किया अपराध
रातभर बाद रिश्तेदार को सूचना देना
कमजोर महिला द्वारा मजबूत कठ-काठी के पुरुष की हत्या
वारदात में किसी और के शामिल होने का संदेह
पति द्वारा चरित्रहीनता का संदेह
5 दिन, 5 मर्डर
पांच दिन के भीतर हत्या की पांच वारदातें हुई हैं। सभी मामलों के आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया है। लोरमी थाना क्षेत्र में शनिवार की रात भाड़े को लेकर हुए विवाद पर आटो चालक ने ग्रामीण की हत्या कर दी थी। शनिवार को ही गौरेला थाना क्षेत्र में मवेशी घुसने के विवाद पर किसान की हत्या की घटना हुई थी।
रविवार रात शराब के लिए रुपए नहीं देने पर कोनी में चार युवकों ने मिलकर अधेड़ की हत्या कर दी थी। इसी रात को गौरेला के हर्राटोला में छोटे भाई के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लेने पर बड़े भाई ने पत्नी की हत्या कर दी थी। बुधवार को फिर हत्या की वारदात हो गई।