News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़ शहर की अधिकतर रामलीलाएं 12 अक्टूबर से शुरू हो रही हैं। इनकी तैयारियां जोरों पर हैं। श्री रामलीला कमेटी परेड ग्राउंड सेक्टर-17 इस बार अपने पहले दृश्य का मंचन 12 अक्टूबर को दोपहर सेक्टर-17 स्थित प्लाजा में करेगा। कमेटी के ईवेंट डायरेक्टर सुनील शर्मा ने बताया कि इसमें भगवान शंकर द्वारा रावण को आशीर्वाद देने का दृश्य मंचित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इसमें भगवान शंकर का किरदार प्रसिद्ध हास्य कलाकार मेहर मित्तल निभाएंगे। ईवेंट डायरेक्टर ने यह भी जानकारी दी कि इस बार कलाकारों के लिए नई कास्ट्यूम खरीदी गई है जो महाभारतकालीन वेषभूषा से मिलती-जुलती है। कमेटी के डायरेक्टर सुरेश बख्शी ने जानकारी दी कि शहर में राम भवन जल्द ही बनकर तैयार हो जाएगा। इसके लिए सेक्टर-35 स्थित कम्युनिटी सेंटर के सामने दो कनाल की भूमि ली गई है। बख्शी ने यह भी दावा किया कि इस बार शहर का सबसे ऊंचा रावण का पुतला बनाया जाएगा। यह 70 फीट का होगा। इसकी विशेषता यह होगी कि पुतला चार घोड़ों के रथ पर विराजमान होगा। इस बार रामलीला की स्टेज 90 फीट होगी, इसे तीन हिस्सों में डिवाइड किया जाएगा। स्टेज पर पर्दा नहीं गिरेगा।
डायलॉग और चौपाई भी रिकॉर्डेड होंगी, कलाकार सिर्फ होंठ ही हिलाएंगे। दूसरी ओर चंडीगढ़ केन्द्रीय रामलीला महासभा के अध्यक्ष सुभाष कटारिया ने दावा किया कि नेहरू कॉलोनी सेक्टर-51 में होने वाली अवध रामलीला में सबसे ज्यादा भीड़ जुटती है। गढ़वाल रामलीला एवं सांस्कृतिक मंडल इस बार स्वर्ण जयंती मना रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि रामसेतु का दृश्य इस बार कैसे दिखाया जाए इस बारे में वीरवार को हिंदू महा पंचायत के साथ बैठक होगी। श्री सरस्वती दशहरा कमेटी सेक्टर-24सी वाल्मीकि मंदिर के पास इस बार रामानंद सागर के टीवी धारावाहिक रामायण को स्क्रीन पर दिखाएगी। यह धारावाहिक 12 से 20 अक्टूबर तक रोज रात 8.00 बजे से दिखाया जाएगा।