नई दिल्ली.
रेल मंत्रालय की नई योजना यात्रियों को परफ्यूम्ड टिकट उपलब्ध कराने की है। जैसे ही आप टिकट को छुएंगे की उससे एक सुगंध निकलेगी जो आपको तरोताजा रखेगी और फीलगुड का अहसास कराएगी। रेल मंत्रालय ने इन टिकटों के लिए कंज्यूमर गुड्स की कंपनियों से बातचीत भी शुरू कर दिया है।
इस तरह का प्रयोग सबसे पहले मासिक टिकटों के लिए शुरू किया जाएगा। इसमें सफलता मिलने के बाद अन्य श्रेणी के टिकटों में परफ्यूम की व्यवस्था की जाएगी। गौरतलब है कि नार्दन रेलवे प्रतिमाह लगभग 50 लाख मासिक टिकटों की बिक्री करता है जबकि वेस्टर्न रेलवे प्रतिमाह लगभग 30 लाख मासिक टिकटों की बिक्री करता है।
ऐसा नहीं है कि भारत में परफ्यूम्ड टिकट का यह पहला प्रयोग होगा। इससे पहले डाक विभाग सुगंधित स्टाम्प टिकटों को लॉन्च कर चुका है।
रेल मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि रेलवे ने आरक्षित और अनारक्षित टिकटों पर विज्ञापन देने की नीति लागू की है। इसके साथ ही आरक्षण चार्ट पर भी विज्ञापन दिए जाने लगे हैं। टिकटो का आकार 15 से 18 सेमी बढ़ा दिया गया है जिससे कि विज्ञापनों को सही जगह मिल सके।
गौरतलब है कि भारतीय रेल से प्रतिदिन करीब एक करोड़ 40 लाख लोग सफर करते हैं।