नई दिल्ली. रेल कर्मचारियों के लिए यह अच्छी खबर है। सरकार ने दीवाली और ईद के मद्देनजर रेलवे के अराजपत्रित कर्मचारियों को 70 दिन का बोनस देने का फैसला किया है।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की अध्यक्षता में नई दिल्ली में हुई केन्द्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में यह मंजूरी दी गई। बैठक के बाद केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रियरंजन दासमुंशी ने पत्रकारों को बताया कि यह बोनस वित्त वर्ष 2006 07 के लिए अराजपत्रित रेल कर्मचारियों को दिया जाएगा। आरपीएफ और आरपीएसएफ के कर्मचारी भी इस बोनस के हकदार होंगे।
उन्होंने बताया कि यह बोनस कैबिनेट द्वारा 23 सितंबर 2000 को मंजूर फामूर्ले के आधार पर तय किया गया है। दासमुंशी ने बताया कि रेल कर्मचारियों को दी जाने वाली यह राशि अब तक की सर्वाधिक है। उन्होंने इसके लिए रेलमंत्री लालू प्रसाद यादव को भी बधाई दी।