देहरादून. बद्रीनाथ तीर्थयात्रा से लौट रही एक बस के उत्तराखंड के चमोली जिले में अलकनंदा नदी में गिर जाने से उड़ीसा के 41 तीर्थयात्रियों की मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
पुलिस ने बताया कि गुरुवार शाम विष्णुप्रयाग के पास 45 यात्रियों को ले जा रही बस भूस्खलन के कारण एक बोल्डर से जा टकराई और ड्राइवर ने संतुलन खो दिया। पहाड़ी के पास बस पलटकर नदी में गिर गई। गंगा की सहायक नदी में बस के गिर जाने पर अधिकांश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बचाव दल द्वारा अलकनंदा नदी से 41 शव बरामद कर लिए गए हैं।
दो लोगों को राहत दल ने जिंदा बचा लिया है और उन्हें नजदीकी अस्पताल में भिजवा दिया गया है जहां उनकी हालत काफी गंभीर बताई गई है। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अफसर मौका-ए-वारदात पर पहुंच चुके हैं। पुलिस ने बताया कि राहत कार्य के लिए लंबी रस्सियों का सहारा लिया जा रहा है।
इस बस से बद्रीनाथ गुफा में महाकाल के दर्शन के बाद उड़ीसा के तीर्थयात्री ऋषिकेश लौट रहे थे। गौरतलब है कि गढ़वाल हिमालय से 3133 मीटर की ऊंचाई पर यह तीर्थस्थान स्थित है।