bhaskar Web English
HomeNewsNational National

डॉक्टर के ठिकानों पर आयकर छापे

चेन्नई. किडनी के अवैध व्यापार के आरोप में मुंबई में गिरफ्तार नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. पी. रविचंद्रन के घर और अस्पताल पर बुधवार देर रात आयकर विभाग ने छापे मारे। इनमें मिले कागजातों से डॉक्टर के कई संपर्क सूत्रों का पर्दाफाश होने की उम्मीद की जा रही है।

आयकर विभाग के सूत्रों के अनुसार छापे महानगर के दो ‘लोकप्रिय’ अस्पतालों के अलावा डॉ. रविचंद्रन के घर और सेंट थॉमस माउंट स्थित उनके क्लीनिक पर मारे गए। इन अस्पतालों और क्लीनिक में पिछले पांच साल में डॉ. रविचंद्रन ने किडनी ट्रांसप्लांटेशन के कई ऑपरेशन किए थे। जिन अस्पतालों की जांच की गई, वहां पर डॉक्टर सर्जरी के लिए ऑपरेशन थियेटर किराये पर लिया करते थे।

फिर सतह पर आया सुनामी किडनी कांड:
चेन्नई पुलिस मामले के तार सुनामी किडनी कांड से जुड़े होने की आशंका की भी पड़ताल कर रही है। सुनामी पीड़ितों से जबरन किडनी ‘दान’ लेने के आरोप में पहले ही यहां के 13 अस्पतालों के लाइसेंस रद्द कर दिए गए थे। वे लाइसेंस बाद में ‘जनहित’ में बहाल कर दिए गए थे। ताजा मामले से यह प्रकरण फिर संदेह के घेरे में आ गया है।

20 लाख लेकर 20 हजार दिए
डॉ. रविचंद्रन ने भारत के विभिन्न इलाकों और श्रीलंका, नेपाल, म्यांमार तक अपने एजेंटों का जाल फैला रखा था जो किडनी चाहने वालों और किडनी दान करने के इच्छुकों पर नजर रखते थे। किडनी के लिए रईस लोग 20 लाख रुपए तक देते थे, वहीं डॉ. रविचंद्रन की ओर से किडनी देने वाले को चार से पांच लाख रुपए देने के वादे के बाद महज 20 हजार रुपए थमाकर चलता कर दिया जाता था।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: