Manoranjan
Cinema
Interviews Interviews ग्लैमरस भूमिकाओं के लिए मशहूर नेहा धूपिया का कहना है कि वह अब सार्थक सिनेमा पर ज्यादा ध्यान दे रही हैं। हालांकि इस वर्ष आईं उनकी दोनों फिल्में ‘एक चालीस की
लास्ट लोकल’ और ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’ फ्लॉप रहीं, लेकिन नेहा का मानना है कि इन फिल्मों से उनकी अभिनय प्रतिभा निखरकर सामने आई है। हाल ही में नेहा को एमटीवी के मॉडल टैलेंट हंट शो का जज बनाया गया है। पेश हैं उनसे हुई बातचीत के मुख्य अंश।
* एमटीवी मॉडल हंट की जज बनकर कैसा लग रहा है?
बहुत अच्छा। मैं पहली बार किसी टैलेंट हंट की जज बनी हूं। मॉडल बनने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए यह टैलेंट हंट बढ़िया प्लेटफॉर्म है। * आपकी नजर में सफल मॉडल बनने के लिए क्या जरूरी है?
मुझे लगता है कि एक सफल मॉडल बनने के लिए आपके एटीट्यूट का सही होना बेहद जरूरी है। इसके साथ ही आत्मविश्वास और कड़ी मेहनत आपको इस क्षेत्र में सफलता दिलाती है। एक मॉडल को सबसे अधिक ध्यान अपनी बॉडी लैंग्वेज पर देना चाहिए।
* आपकी आने वाली फिल्में कौन-कौन सी हैं?
इस वक्त मैं चार फिल्मों में काम कर रही हूं। इन फिल्मों में संजय गुप्ता की ‘दस कहानियां’, ‘मिथ्या’, ‘आई एम २४’ और अष्टविनायक फिल्म्स की एक अनाम फिल्म है।
* कुछ साल पहले और अब की नेहा में क्या फर्क है?
बहुत फर्क है। मैं बदल गई हूं। शुरुआत में मैंने दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींचने के लिए और कहानी की डिमांड के अनुसार बोल्ड सीन किए, लेकिन अब मैं सार्थक भूमिकाओं को ही प्राथमिकता दे रही हूं। इसी वजह से दर्शकों ने मुझे एक अच्छी अभिनेत्री के रूप में स्वीकार किया है।
* आपको अपनी किस फिल्म का बेसब्री से इंतजार है?
वैसे तो मेरी हर फिल्म में अलग भूमिका है। फिर भी मुझे ‘मिथ्या’ फिल्म के रिलीज होने का इंतजार है। मेरे साथ इस फिल्म में रणवीर शौरी, विनय पाठक और नसीरुद्दीन शाह ने काम किया है।