HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

त्योहार सिर पर, गैस का संकट

रायपुर. gas राजधानी ही नहीं, राज्यभर में रसोई गैस का संकट पैदा हो गया है। लोगों को सिलेंडर के लिए अभी से हफ्तेभर तक इंतजार करना पड़ रहा है। राजधानी की एजेंसियों में भीड़ देखी जाने लगी है। यहां भी हफ्तेभर की वेटिंग है। फिर भी, गैस कंपनियों को संकट से इंकार है। उनका दावा है कि सप्लाई नार्मल है।

राज्य में एलपीजी के लगभग 8.6 लाख और राजधानी में 3 लाख उपभोक्ता हैं। पेट्रोलियम मंत्रालय ने सभी कंपनियों को निर्देश दिए हैं कि त्योहार में संकट न हो, इसके विशेष प्रयास किए जाने चाहिए।

सूत्रों ने बताया कि कंपनियों ने सप्लाई बढ़ा दी है, फिर भी गैस का संकट है। इंडेन ने सिलतरा में नया बाटलिंग प्लांट शुरु किया है। वहां रोजाना 15000 सिलेंडर भरे जा रहे हैं। फिर भी सप्लाई सामान्य नहीं है।

दैनिक भास्कर ने राजधानी की गैस एजेंसियों का सर्वे किया। ज्यादातर में सुबह 10 बजे से लाइन लगी थी। डब्ल्यूआरएस कालोनी के सुधीश कुमार, दुर्गेश दत्त व राजकुमार साहू ने बताया कि एजेंसियां 21 दिन बाद भी सिलेंडर रिफील नहीं कर रही हैं।

बुकिंग के बाद डेट तो दी जाती है, लेकिन उस दिन कहा जाता है कि दो-तीन दिन बाद आना। इस तरह एक-एक हफ्ता खींचा जाने लगा है। कुछ हफ्ते पहले उपभोक्ताओं ने रसोई गैस नहीं मिलने पर रोड जाम कर दिया था।

इसके बावजूद जिला प्रशासन और फूड अमला सतर्क नहीं हुआ। उपभोक्ताओं का कहना है कि रसोई गैस का वाहनों में धड़ल्ले से इस्तेमाल हो रहा है। यह प्रशासन को नजर नहीं आता। हालांकि गैस एजेंसियों के संचालक खेमराज बरड़िया व अब्दुल हमीद हयात का कहना है कि कमी नहीं है। मांग जरूर 20 फीसदी तक बढ़ गई है, फिर भी हर उपभोक्ता को 21 दिन में सिलेंडर दिया जा रहा है।

बाहर सप्लाई बढ़ी
गैस कंपनियों के अफसरों ने बताया कि रायपुर, भिलाई-दुर्ग, राजनांदगांव, जगदलपुर, कांकेर, धमतरी, कोरबा व अंबिकापुर में सप्लाई में बढ़ा दी गई है। इसलिए कोई कमी नहीं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और है। ग्रामीण इलाकों में भी एलपीजी सिलेंडर की जबरदस्त किल्लत है। कुछ जगह तो निर्धारित 21 दिन के बाद 15-15 दिन तक और इंतजार करना पड़ रहा है।

नया कनेक्शन बंद
गैस एजेंसियों में नए कनेक्शन के लिए दो-दो महीने इंतजार करना पड़ रहा है। टाटीबंद निवासी नितीन जायसवाल ने बताया कि एजेंसियां नया कनेक्शन देने में आनाकानी कर रही हैं। एजेंसी संचालकों का कहना है कि नया कनेक्शन आन डिमांड मिल रहा है। कंपनी हर महीने 10-12 कनेक्शन जारी करती हैं।

गैस की कालाबाजारी
युवक कांग्रेस ने गैस एजेंसियों में रसोई गैस की नियमित आपूर्ति की मांग को लेकर अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। पूर्व उपाध्यक्ष राजकुमार राठी ने बताया कि शहर में रसोई गैस की ब्लैक मार्केटिंग धड़ल्ले से जारी है। खाद्य विभाग को इसकी जानकारी है। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं की जा रही है।

इसका खामियाजा गृहणियों को भुगतना पड़ रहा है। प्रतिनिधिमंडल में राजेश अग्रवाल, अरुण जंघेल, अजय साहू, नीतिन ठाकुर, प्रशांत ठेंगड़ी, राजकुमार दवे, विरेंद्र सोनी, नवीन गुप्ता, योगेश कुमार तथा सागर उइके शामिल थे।

मांग और खपत
एजेंसी का नाम उपभोक्ता
गैस हाउस 17000
आकाश गैस 14430
परवेज गैस 6900
कल्याण गैस 14000
किचन क्वीन 16000
मारुति गैस 14000
फ्लेम एंड फ्लेम 13000

>> त्योहार की वजह से सिलेंडरों की कमी हो सकती है। खाद्य अमले को जांच के लिए निर्देशित किया जाएगा।
विकास शील, कलेक्टर, रायपुर

>> प्रदेश में सिलेंडर 4-5 दिन की वेटिंग में मिल रहा है। पहले जैसी स्थिति अब नहीं। धीरे-धीरे इसमें और सुधार आएगा।
सुभाष जायसवाल, अध्यक्ष छग एलपीजी फेडरेशन

>> सिलेंडरों की सप्लाई मांग से अधिक है। एजेंसियां डीडी समय पर नहीं भेजतीं, इसलिए सिलेंडरों की सप्लाई में देर हो जाती है।
टीके सिंह, रीजनल मैनेजर, इंडेन





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: