भोपाल. शहर में पानी की कमी को लेकर महापौर सुनील सूद शुक्रवार को गुस्सा आ गया। उन्होंने जलकार्य के अधिकारियों को जमकर लताड़ लगाई। उन्होंने कहा कि पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। विभिन्न कारणों से शहर के अनेक इलाकों में कम पानी पहुंच रहा है।
रोजाना श्री सूद के पास ऐसी अनेक शिकायतें पहुंच रही हैं। महापौर ने शुक्रवार को जलकार्य विभाग की समीक्षा के लिए निगम अधिकारियों को अपने निवास पर बुलाया। अधिकारियों के पहुंचते ही महापौर बिगड़ पड़े।
उन्होंने पूछा कि शहर में पानी की कमी क्यों हो रही है। त्योहार के समय इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। टंकियां ठीक से नहीं भर रही हैं। उनके स्तर की भी नियमित रूप से जांच नहीं हो रही है। श्री सूद का यह भी कहना था कि पानी की किल्लत के बावजूद जलकार्य के अधिकारी सुबह राउंड नहीं लेते।
अधिकारियों का कहना था कि ईदगाह फिल्टर प्लांट में केबल फाल्ट के कारण परेशानी हो रही है। यह केबल डेढ़ महीने पहले ही बदला गया है। श्यामला फिल्टर प्लांट में मशीनरी भी पुरानी होने से सप्लाई में दिक्कत हो रही है।
उल्लेखनीय है कि करीब एक हफ्ते पहले हुई महापौर परिषद की बैठक में भी सदस्यों ने पानी की कमी के आरोप लगाए थे। उस समय भी जलकार्य के अधिकारियों को फटकार लगाई गई थी। बैठक में निगम आयुक्त निकुंज कुमार श्रीवास्तव, अपर आयुक्त अरविंद दुबे, जलकार्य के नगर यंत्री वीके मिश्रा आदि मौजूद थे।
निगम आयुक्त पहुंचे फिल्टर प्लांट
महापौर की नाराजगी के बाद निगम आयुक्त निकुंज कुमार श्रीवास्तव ने ईदगाह व बैरागढ़ फिल्टर प्लांट का दौरा किया। उन्होंने वहां की व्यवस्थाएं देखी और कमियों को दूर करने के निर्देश दिए।