HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

दशानन की आंखों से बरसेंगे आग के गोले

भोपाल. शहर में दशहरा पर्व धूमधाम से मनाने की तैयारियों में तेजी आ गई है। चल समारोह के लिए भगवान राम के रथ सज रहे हैं वहीं रावण, कुंभकर्ण व मेघनाद के पुतलों का निर्माण भी किया जा रहा है। शहर में इस बार 18 स्थानों पर दशहरा उत्सव मनाया जाएगा।

पुराने शहर में महंत चंद्रमादास त्यागी के सानिध्य में मारवाड़ी रोड बांके बिहारी मंदिर से चल समारोह निकलेगा, जो छोला मैदान पहुंचेगा। अरेरा राजधानी उत्सव समिति द्वारा दशहरा मैदान पर रावण, कुंभकर्ण व मेघनाद के पुतलों का दहन व रंगारंग आतिशबाजी होगी। समिति के अध्यक्ष राजेश व्यास व महासचिव संजय सोमानी ने बताया कि हनुमान टेकरी से आकर्षक चल समारोह निकलेगा।

टीटी नगर दशहरा मैदान पर नागरिक कल्याण समिति के बैनर तले उत्सव मनाया जाएगा। प्रवक्ता राजेश वर्मा सोनी ने बताया कि इस अवसर पर साहित्यकारों व समाजसेवियों का सम्मान किया जाएगा। गोविंदपुरा दशहरा मैदान पर शाम 6 बजे रावण, मेघनाद व कुंभकर्ण के पुतलों का दहन होगा। कोलार में हिंदू उत्सव समिति द्वारा दशहरा मैदान पर रावण दहन व अन्य कार्यक्रम किए जाएंगे।

यहां घट रहा है रावण का कद:
बाग मुगालिया की संस्कार दशहरा उत्सव समिति के संयोजक व पूर्व पार्षद सुरजीत सिंह चौहान ने बताया कि दशहरा महोत्सव में इस साल 57 फीट के रावण का दहन होगा। पिछले साल इसका कद 58 व उससे पहले के वर्ष में 59 फीट था। हर साल कद एक फीट घटाया जा रहा है।

महोत्सव के लिे मैदान का नाम सरिता सेतु के स्थान पर राम सेतु करने का निर्णय लिया गया है। अध्यक्ष शांतनु शर्मा ने बताया कि दशहरा समारोह में भगवान राम का विजय चल समारोह निकलेगा। आकर्षक आतिशबाजी होगी। समुद्र के ऊपर उड़ते हनुमान, भगवान को नाव से नदी पार कराते केवट प्रसंग की झलक झांकियों में दिखेगी।

राम सेतु की खातिर:
श्री शर्मा ने बताया कि इस मौके पर समिति द्वारा सौ मीटर लंबा बैनर रखा जाएगा, जिस पर राम सेतु की रक्षा के समर्थन में राम भक्त हस्ताक्षर करेंगे। बाद में इसे राष्ट्रपति क नाम संबोधित कर राज्यपाल को सौंपा जाएगा।

रावण का कद कहां कितना-
स्थान——रावण का कद(फीट में)
छोला—————65
बिट्टन मार्केट——-71
टीटी नगर———-65
शाहपुरा————-55
गोविंदपुरा———- 55
अयोध्या नगर——-40
आनंद नगर———-31
अशोका गार्डन—— 25
कोलार—————41
बैरागढ़—————51
गांधी नगर————21
विजय नगर———-21
कोहेफिजा————25
करोंद——————21
निशातपुरा————-15
बाग मुगालिया———57





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: