फिरोजपुर. लश्कर-ए-तैयबा का पत्र मिलने के एक दिन बाद शुक्रवार को आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहीदीन की पंजाब में तबाही मचाने की धमकी भरी चिट्ठी मिली है। राज्य की खुफिया एजैंसी को मिला यह पत्र हिजबुल के कमांडर गुलाम मोहम्मद अली के नाम से भेजा गया है। इन धमकी भरे पत्रों के मिलने के बाद पूरे रेल डिवीजन में रैड अलर्ट घोषित कर दिया गया है। प्रमुख रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा का जिम्मा जीआरपी के साथ-साथ पंजाब पुलिस को सौंप दिया गया है।
मैटल डिटैक्टर लगाए
डिवीजन के तमाम स्टेशनों पर मैटल डिटैक्टर और डॉग स्क्वैड लगाए गए हैं। यात्रियों के सामान की तलाशी ली जा रही है। पत्र में लिखा है कि रविवार दशहरे वाले दिन फगवाड़ा के बस स्टैंड, जालंधर और लुधियाना के रेलवे स्टेशनों में सीरियल बम धमाके किए जाएंगे। फिरोजपुर रेल डिवीजन के अधिकारी इस धमकी को लुधियाना बम धमाकों के पश्चात और भी गंभीर मान रहे हैं। शुक्रवार को पंजाब पुलिस, रेलवे प्रोटैक्शन फोर्स और जीआरपी के उच्चधिकारियों की एक अहम बैठक भी हुई।
इसके बाद दिनभर रेलवे स्टेशनों पर लावारिस वस्तु न छूने व संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को देने की घोषणा लाउडस्पीकर पर होती रही।