जालंधर/अमृतसर. मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने लुधियाना विस्फोट को खुफिया एजैंसियों की नाकामी मानने से इनकार किया है। विस्फोट में बिना सुबूत ही बब्बर खालसा इंटरनैशनल का हाथ होने का आरोप जड़ने पर बादल ने राज्य के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों फटकार लगाई है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को ऐसे बयान से बाज आना चाहिए। बादल ने कहा कि ऐसे विस्फोटों को तो अमरीका जैसा बड़ा मुल्क भी रोक नहीं पाया। अजमेर में और देश के अन्य हिस्सों में भी विस्फोट हुए हैं। वे केंद्रीय गृह राज्यमंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल के उस बयान पर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर कर रहे थे, जिसमें कहा गया है कि केंद्र ने पहले ही पंजाब को आगाह कर दिया था।
बमकांड पर टिप्पणी करते हुए बादल ने कहा कि फिलहाल पंजाब सरकार को इस घटना में आतंकवाद के समय में सक्रिय रहे संगठनों की भूमिका होने का कोई सुबूत नहीं मिला है। कुछ शरारती तत्व ही राज्य की शांति में खलल डालना चाहते हैं।
विर्क मामले में महाराष्ट्र से अनुमति लेना जरूरी नहीं
बादल ने साफ किया कि पंजाब के पूर्व डीजीपी एस.एस. विर्क के विजिलैंस मामले को दर्ज करने से पहले विर्क के कैडर राज्य महाराष्ट्र की अनुमति जरूरी नहीं थी।
मनप्रीत-सुखबीर में मतभेद नहीं
अकाली-भाजपा सरकार के वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल और अकाली दल के कार्यकारी प्रधान एवं सुखबीर सिंह बादल के मध्य रियायतों को लेकर किसी भी प्रकार के मतभेदों को नकारते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अकाली और भाजपा के चुनावी मैनीफैस्टों के मुताबिक ही रियायतें मिलेंगी।
सुखबीर बादल को राज्य का मुख्यमंत्री बनाए जाने के मामले पर उन्होंने कहा कि यह एक व्यक्ति के फैसले से नहीं होगा बल्कि पूरी पार्टी इसका फैसला लेगी।
हर साल होती है बिजली दरों में वृद्धि
राज्य में बिजली की बढ़ाई गई दरों पर बादल ने कहा कि दरें रैगुलेटरी अथारिटी की तरफ से बढ़ाई गई हैं और हर बरस बढ़ाई जाती हैं।
लुधियाना की आंच पर रोटी न सेंके विपक्ष
लुधियाना मामले को भुनाने के प्रयास में जुटे विपक्ष को बादल ने सलाह देते हुए कहा कि ऐसे मामलों पर राजनीतिक रोटियां सेंकना नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि आतंकवाद से दुनिया का कोई देश अछूता नहीं है और हर राजनीतिक दल का फर्ज बनता है कि वह ऐसी स्थिति में सरकार का सहयोग करे। भट्ठल को नसीहत देते हुए उन्होंने उन्हें अपनी पार्टी की चिंता करने को कहा। भट्ठल ने राज्य के वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल के बारे टिप्पणी की थी वह गलत पार्टी में हैं।