जयपुर. बाड़मेर जिले के गुढ़ामलानी से विधायक हेमाराम चौधरी को राज्य विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल का नेता बनाया गया है। शुक्रवार को नई दिल्ली में
चौधरी के नाम की घोषणा की गई।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष का पद हाल ही वरिष्ठ कांग्रेस विधायक रामनारायण चौधरी के त्यागपत्र देने से खाली हुआ था। हेमाराम के नाम की घोषणा होने से पहले कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने जयपुर आकर विधायकों से अलग-अलग राय मशविरा किया था।
पार्टी प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी ने हेमाराम को नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने की पुष्टि करते हुए कहा कि दिल्ली में चौधरी के नाम की घोषणा हो चुकी है। उन्होंने कहा कि पार्टी आलाकमान ने राजस्थान में नई लीडरशिप को डवलप करने का प्रयास किया है। चौधरी की नियुक्ति से किसानों में अच्छा संदेश जाएगा।
हेमाराम चौधरी राज्य विधानसभा में चौथी बार विधायक बने हैं। इससे पहले वे सातवीं, आठवीं और ग्यारहवीं विधानसभा में भी सदस्य रह चुके हैं। पूर्ववर्ती गहलोत सरकार में वे मंत्री भी रह चुके हैं।