जयपुर. माता के जयकारों, जय मातादी के बोल और भजन-संगीत के बीच शुक्रवार तड़के से देर रात तक आकर्षक सजे देवी के मंदिरों में श्रद्धा का सैलाब उमड़
पड़ा। शारदीय नवरात्र की महाअष्टमी पर घर-घर और मंदिर-मंदिर माता का विशेष अनुष्ठान हुआ। बहुत से परिवारों में मां की ज्योत लेते हुए कन्याओं को भोजन करवाया गया।
आमेर स्थित शिला माता मंदिर में अष्टमी पर तड़के से ही भक्तों की लंबी कतार लगना शुरू हो गई। श्रद्धालुओं ने माता के मत्था टेका और विशेष पूजा-अर्चना की। आमेर क्षेत्र में भारी संख्या में भक्तों के पहुंचने के कारण जाम लगा रहा। मंदिर में भीड़ देखते हुए आमेर के लिए सभी सवारियां बंद की गई थीं। मंदिर में निशा पूजन किया गया। दुर्गापुरा स्थित मां दुर्गा के मंदिर में अष्टमी पर खासी भीड़ रही। राजापार्क स्थित वैष्णो देवी मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने माता को दंडवत की।
सूरजपोल स्थित रूद्र घंटेश्वरी मंदिर में माता के जयकारे गूंजे। सुहागिनों ने माता से मन्नत मांगी और विशेष अर्चना की। सूरजपोल बाजार स्थित जीण माता के मंदिर में अष्टमी पर शुक्रवार को सत्संग व जागरण का आयोजन किया गया। झोटवाड़ा, लता सिनेमा स्थित नायक कॉलोनी में वैष्णो जागरण मंडल की ओर से शनिवार को माता का जागरण किया जाएगा।