HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

अनियंत्रित ट्रक घरों पर जा गिरा

ग्वालियर. शुक्रवार को सुबह-सुबह एक ट्रक अनियंत्रित होकर तीन मकानों पर पलट गया। ट्रक के पलटने से मकान क्षतिग्रस्त हो गए। लेकिन इनमें रहने वाले लोग देवीय कृपा से बच गए। इसके बाद स्थानीय निवासियों ने चक्काजाम कर दिया।

चक्काजाम लगभग दो घंटे चला। फिर पुलिस और प्रशासन द्वारा मांगे पूरी करने का आश्वासन दिया गया और आंदोलनकारी सड़क से हटे। हादसे के बाद ट्रक चालक तब क्लीनर फरार हो गए। पुलिस ने इनके खिलाफ मामला दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को तड़के लगभग चार बजे ट्रक क्रमांक एमपी 06 एचसी 278 गोल पहाड़िया के पास गुप्तेश्वर पहाड़ी की सड़क की चढ़ाई चढ़ रहा था। इसी दौरान अचानक यह अनियंत्रित हुआ और पलटकर एबी रोड के किनारे बने मकानों पर जा गिरा। ट्रक के मकानों पर गिरने से यहां रहने वाले पप्पू राठौर, लक्ष्मीनारायण रजक और बाबूलाल खटीक के मकान क्षतिग्रस्त हो गए।

देवी कृपा से बचे :
ट्रक गिरने से सबसे ज्यादा क्षति पप्पू राठौर के मकान को हुई। बताया जाता है कि इसके मकान के एक कमरे की छत हाल ही में डलवाई गई थी। जिस समय ट्रक पप्पू राठौर की मकान की छत पर गिरा, उस समय पप्पू घर में नहीं था। वह भी वाहन चालक है और अपनी नौकरी पर चला गया था जबकि इसके परिजन जीतेन्द्र, विष्णु, सुनीता और राखी मकान के एक अन्य कमरे में सो रहे थे।

ट्रक के मकान पर गिरने से हुए धमाके को सुनकर पप्पू के परिजन बाहर निकल आए और उन्होंने जो मंजर देखा उससे वे दहल गए। पप्पू के घर का केवल वही कमरा बचा था जिसमें वे लोग सो रहे थे। ट्रक के पलटने से पप्पू के पड़ोस में रहने वाले लक्ष्मीनारायण रजक और बाबूलाल खटीक के घर का कुछ हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

आक्रोशित नागरिकों ने किया चक्काजाम :
घटना के बाद आक्रोशित नागरिकों ने क्षेत्रीय पार्षद गंगा घुरैया तथा कांग्रेस नेता अलबेल घुरेया के नेतृत्व में चक्काजाम कर दिया। चक्काजाम करने वालों की मांग थी कि एबी रोड के सड़क किनारे रेलिंग बनाई जाए ताकि इस तरह के हादसे दोबारा न हों।

जिन लोगों के मकान हादसे में क्षतिग्रस्त हुए हैं उनको मुआवजा मिले तथा सड़क पर स्पीड ब्रेकर भी निश्चित दूरी पर बनाए जाएं ताकि भारी वाहनों की गति नियंत्रित रहे। दो घंटे तक चले चक्काजाम के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट शरद श्रोती, सीएसपी लश्कर अमित सक्सेना तथा टीआई एसएस परमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित लोगों की मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया तब कहीं जाकर वे सड़क से हटे।

चक्काजाम करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज :
पुलिस और प्रशासन ने चक्काजाम करने वालों को समझा-बुझाकर हटा दिया लेकिन जैसे ही आंदोलनकारी सड़क से हटे पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। सीएसपी अमित सक्सेना के अनुसार चक्काजाम करने वालों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: