HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

ट्रोला ने 3 जनादेश यात्री कुचले, 12 घायल

ग्वालियर. राष्ट्रीय एकता परिषद की जनादेश यात्रा में शामिल करीब 15 यात्रियों को शुक्रवार की सुबह आठ बजे के करीब मथुरा-दिल्ली के बीच एक ट्रोला ने कुचल दिया, जिसमें तीन यात्रियों सहित चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दर्जनभर लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को मथुरा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दो जख्मी दिल्ली रैफर किए गए हैं। घटना के विरोध में जनादेश यात्रियों ने हाईवे को जाम कर दिया था, जो दोपहर दो बजे तक चला।

जमीन, जंगल और जल के ज्वलंत मुद्दों को लेकर राष्ट्रीय एकता परिषद की जनादेश यात्रा ग्वालियर शहर के मेला मैदान से दो अक्टूबर को दिल्ली के लिए रवाना हुई थी, यात्रा ने गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात मथुरा से आगे दिल्ली की ओर 11 किलोमीटर की दूरी पर चोम्होंहा के पास पड़ाव डाला था।

राष्ट्रीय एकता परिषद के अध्यक्ष पीवी राजगोपाल शुक्रवार को यात्रा का शुभारंभ कर पाते कि इससे पहले ही हादसा घटित हो गया। राष्ट्रीय एकता परिषद के मीडिया प्रभारी जगदीश शुक्ला ने मौके से मोबाइल पर ‘भास्कर’ को बताया कि जब जनादेश यात्री आज की यात्रा प्रारंभ करने ही वाले थे तभी दिल्ली की ओर से तेज गति से आ रहा ट्रोला क्रमांक एचआर 38-7462 जनादेश यात्रियों को कुचलता हुआ सड़क के पार खंती में जा गिरा।

ट्रोला की चपेट में आए लोगों में से चार की मौत हो गई। इनमें तीन लोग ग्वालियर के हैं। मृतकों के नाम रामवरण पुत्र भरोसा (35) निवासी नयागांव, लछमा पुत्र वंशी (40) अंगदका पुरा घाटीगांव और पोसाकी पुत्र अंगद (40) निवासी बजरंग का पुरा भितरवार बताये गये हैं।

दुर्घटना में घायल होने वालों के नाम रामहेत पुत्र जमला, ( जखा) बालकिशन गढ़ी सालमपुरा, महाराज सिंह चैतगांव, माखन बड़ागांव, ब्रजलाल बड़ागांव और भूरा लोंदूपुरा ( सभी ग्वालियर जिला) शामिल हैं। अन्य गायलों में वीरसिंह पुत्र गोविन्द, नवल पुत्र भौंदू , गुड्डीबाई पत्नी रामप्रकाश , धर्मपाल ( चौमुआ का स्कूली छात्र) और ट्रोला का क्लीनर अशोक बताये गये हैं।

पीड़ितों को सहायता
कलेक्टर ग्वालियर राकेश श्रीवास्तव ने फोन पर बताया कि मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तीनों मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख रुपए और सात घायलों को 20-20 हजार रुपए की सहायता राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिये हैं। राष्ट्रीय एकता परिषद ने हादसे के दौरान मरे तीनों जनादेश यात्रियों के परिजनों को 50-50 हजार रुपए देने की घोषणा की।

तीनों शव ग्वालियर आयेंगे
जिला प्रशासन के सूत्रों के मुताबिक हादसे में मारे गये ग्वालियर जिले के तीनों आदिवासियों के शव ग्वालियर लाये जा रहे हैं। घाटीगांव और भितरवार के एसडीएम को मृतकों के अंतिम संस्कार के लिए समुचित प्रबंध कराये जाने के निर्देश दे दिये गये हैं।

>> जिला सरकार मृतक परिवारों को मुआवजे के तौर पर एक-एक लाख रूपए दे रही है। वहीं, स्थानीय स्वयंसेवी संस्थाओं ने भी आर्थिक मदद की पेशकश की है।
अनिता.सी मेश्राम, कलेक्टर मथुरा

>>- तीनों हमारे संगठन के पुराने कार्यकर्ता थे। उन्होंने संगठन के लिए जिंदगी भर संघर्ष किया है और उन्हें मौत भी संगठन के लिए संघर्ष करते मिली है।
पीवी राजगोपाल, राष्ट्रीय समन्वयक एकता परिषद





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: