इंदौर. इंदौर निवेश को कागजों से हटाकर मैदान पर दिखाने की प्रदेश सरकार की कोशिशें ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के पहले ही रंग दिखाने लगी हैं। सब कुछ ठीक रहा तो समिट के दूसरे दिन 27 अक्टूबर को 20 बड़ी देशी-विदेशी कंपनियां सरकार या उसकी अलग-अलग एजेंसियों के साथ करीब 78 हजार करोड़ के निवेश प्रस्तावों पर दस्तखत करेंगी।
इन प्रस्तावों को प्रारंभिक चर्चा के बाद अंतिम रूप दिया जा चुका है। सरकार ने समिट के दौरान एक लाख करोड़ के निवेश प्रस्तावों को अंतिम रूप देने का लक्ष्य रखा है।
रहेजा ग्रुप 1000 करोड़ निवेश करने को तैयार- रियल इस्टेट के बड़े कारोबारी मुंबई के रहेजा ग्रुप ने इंदौर व पीथमपुर में एक हजार करोड़ के निवेश का प्रस्ताव रखा है। निवेश होटल, आईटी पार्क तथा एसईजेड में होगा। शुक्रवार को ग्रुप के कर्ताधर्ता नील रहेजा चार्टर प्लेन से इंदौर पहुंचे और निवेश की संभावनाएं टटोली। समिट के समन्वयक लोक निर्माण मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी इसकी पुष्टि की।
1592 निमंत्रण, 301 राजी- सरकार ने समिट के लिए देश-विदेश के 1592 निवेशकों को निमंत्रण दिया था। शुक्रवार को जारी सूची के मुताबिक 201 देशी और 100 विदेशी निवेशक समिट में आने को राजी हैं।
समिट में आने वाले विदेशी मेहमान
यूके ४1
यूएसए ३७
चीन ५
दुबई ४
फिनलैंड ४
बहरीन २
स्वीटजरलैंड २
मलेशिया, मॉरीशस,अबु धाबी, सिंगापुर 4
सिंधिया बोले
बुनियाद मजबूत करें फिर सपना देखें
संभावनाएं तलाश कर काम करें
ठोस प्रस्ताव लेकर केंद्र के सामने जाएं
केवल एमओयू साईन करने से नहीं चलेगा काम
इंफ्रास्ट्रक्चर ठीक कर आगे की बात करें
विदेशी निवेशक
सेंट लुईस अमेरिका के रेडबेरी के चेयरमेन दीपक कांत व्यास, अमेरिका की इंडो यूएस कंपनी के एमडी पवन कुमार रत्तन, इंग्लैंड की एस्कार्ट इंटरनेशनल लिमिटेड के एमडी नितिन सेठी, लंदन की लिबर्टी इंटरनेशनल लिमिटेड के ग्लोबल सीईओ जलालुद्दीन सैयद, लांस एंजिल्स अमेरिका की एमपी इंडिया फ्रंट्स की आर्गनाइजर रश्मि शाह, यूएसए की केयर साफ्ट के प्रेसीडेंट दीपक खरे व एमडी राजीव खरे आदि।
दुबई के टी चोइथराम एंड संस एलएलसी के चेयरमैन लेखराज टी पगारानी व लंदन के टी चोइथराम एंड संस एलएलसी के डायरेक्टर ल्यूक पगारानी, शिकागो अमेरिका की नेटलिंग साफ्टवेयर ग्रुप के प्रेसीडेंट अनुराग श्रीवास्तव, फिनलैंड की डाटा प्रे के सीईओ डेविड गेल्किन व मैनेजर पायल शर्मा, संयुक्त अरब अमीरात की इंटरनेट बैंकिंग यूनिट एनबीएडी के डायरेक्टर मनोज भाटिया, लंदन की लार्विज के प्रमोटर रोहित विजयवर्गीय, फिनलैंड के वेडासे इंटरनेशनल के एमडी कुलदीप सज्जनहार, अमेरिका की स्टीवंस इंस्टीट्यूट टेक्नालॉजी होबोकेन के प्रोफेसर राजीव द्विवेदी, मारीशस की पोंटफेर फोनिक्स की ईडी श्रीमती राया मिजिओयू, आबूधाबी की रिलायंस डाटा सर्विसेज के एमडी दीपक चौपड़ा और यूएसए के मेसर्स एम्मार एमजीएफ लैंड प्रायवेट लिमिटेड के सीईओ विलियम राबर्ट शामिल हैं।