जोधपुर. बनाड़ के पास नांदड़ी गांव में गुरुवार रात एक युवक की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुरालवालों ने पुलिस को बताया कि उसने फांसी
लगा कर आत्महत्या की है, मगर मृतक के भाई ने ससुरालवालों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
डांगियावास थानाधिकारी लाखाराम ने बताया कि लोटूती, जैतारण निवासी नरेंद्रसिंह की शादी छह माह पूर्व 14 अप्रैल किशोरसिंह की पुत्री मानकंवर से हुई थी। गुरुवार को नरेंद्रसिंह अपने ससुराल आया था। रात में उसकी मौत हो गई। किशोर सिंह ने पुलिस को बताया कि रात में खाना खाने के बाद नरेंद्रसिंह अपने साले के साथ डांडिया देखने गया था। करीब दस बजे वह कमरे में चला गया। नरेंद्र की पत्नी व सास रामायण का पाठ कर रही थी। पाठ खत्म होने पर मानकंवर कमरे में जाने लगी तो दरवाजा बंद मिला। धक्का दिया तो दरवाजा खुल गया और नरेंद्रसिंह फंदे पर लटका हुआ मिला। घरवालों ने उसे नीचे उतार दिया और निजी अस्पताल ले गए जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हत्या का मुकदमा दर्ज
नरेंद्रसिंह की मौत की खबर मिलने पर उसका बड़ा भाई ईश्वरसिंह नांदड़ी आ गया। ईश्वरसिंह ने अपने भाई की हत्या का आरोप लगाया। उसने रिपोर्ट दी कि नरेंद्रसिंह की पत्नी काफी तेज थी और वह उसे अपना पति नहीं मानती थी। पत्नी, सास, ससुर व साले ने मिल कर उसकी हत्या कर दी और आत्महत्या का रूप देने के लिए फंदे पर लटका दिया। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया।
मामला संदिग्ध
पुलिस ने नरेंद्रसिंह के शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया। बोर्ड में शामिल तीनों डाक्टर ने उसकी मौत की स्पष्ट राय नहीं दी। उसके गले में फंदे के निशान थे। डाक्टर ने बताया कि नरेंद्र की मौत दम घुटने से हो सकती है। उन्होंने पोइजनिंग का भी संदेह व्यक्त किया इसलिए विसरा प्रिजर्व किया। साथ ही गर्दन का कंठ भी प्रिजर्व किया है जिसकी जांच कराई जाएगी।