News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़. मोहाली इंटरनैशनल एयरपोर्ट बनने तक पंजाब सरकार अंतरराष्ट्रीय हवाई उड़ानों के लिए प्रतीक्षा नहीं करेगी, फिलहाल चंडीगढ़ के वर्तमान डोमेस्टिक एयरपोर्ट से ही इंटरनैशनल फ्लाइट्स टेकऑफ होंगी। पंजाब सरकार इस कोशिश में लगी है और केंद्र सरकार ने इस पर लगभग हामी भर दी है। प्रतीक्षा केवल मोहाली इंटरनैशनल एयरपोर्ट को केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी मिलने की है।
साहनेवाल से स्मॉल एटीआर जल्द
यही नहीं पंजाब सरकार साहनेवाल से भी जल्द ही डोमेस्टिक फ्लाइट्स शुरू करने की कोशिश कर रही है। कई प्राइवेट एयरलाइंस कंपनियों से इस बाबत बात हुई है कि साहनेवाल में छोटे एटीआर चलाए जाएं। साहनेवाल एयरपोर्ट का प्रसार करने में अभी वक्त लगेगा।
मोहाली एयरपोर्ट प्रोजेक्ट के कुछ चरण बाकी
पंजाब के मुख्य सचिव आर.आई. सिंह ने बताया कि मोहाली इंटरनैशनल एयरपोर्ट का प्रोजेक्ट अभी भी कुछ चरणों से गुजरना है, नवंबर महीने में एयरपोर्ट ऑथॉरिटी आफ इंडिया के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर की मीटिंग में इसे एजेंडे के रूप में पेश किया जाएगा। वहां से मंजूरी मिलने के बाद मिनिस्टरी की स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा और अंत में केंद्रीय कैबिनेट इसे मंजूर करेगी।
मोहाली में अभी लगेगा वक्त
उन्होंने कहा कि तकनीकी कमेटियों ने इसे मंजूर कर लिया है, लेकिन तमाम मंजूरियों के बाद भी इसे बनने में कम से कम तीन साल का समय लगेगा, इसलिए लोगों की सुविधाओं के लिए वर्तमान डोमेस्टिक एयरपोर्ट से ही इंटरनैशनल फ्लाइट्स चलाए जाने की हमारी कोशिश है।
वीआईपी एप्रन में बदलेगा चंडीगढ़ एयरपोर्ट
मोहाली एयरपोर्ट के लिए तीन सौ एकड़ जमीन की जरूरत है। जो टोटल प्रोजेक्ट में पंजाब का हिस्सा होगी। चंडीगढ़ स्थित वर्तमान एयरपोर्ट को वीआईपी एप्रन में बदल दिया जाएगा और यहां से केवल वीआईपी लोगों की फ्लाइट्स ही टेकऑफ होंगी।