नारनौंद. जींद-भिवानी मार्ग पर गांव उगालन मोड़ के पास ट्रक व मोटरसाइकिल की टक्कर में मां-बेटे की मौत हो गई। दोनों बास गांव में लगने वाले मेले में पूजा-अर्चना करने जा रहे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार की दोपहर बागनवाला (जींद) 62 वर्षीय भरपाई और उसका 40 वर्षीय बेटा रामफल मोटरसाइकिल पर बास गांव में लगने वाले मेले में पूजा-अर्चना करने जा रहे थे। उगालन मोड़ के पास पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी और फरार हो गया। टक्कर लगने से भरपाई और रामफल घायल हो गए।
इसी दौरान अन्य मोटरसाइकिल पर आ रहे रामफल के भाई राजेंद्र ने दुर्घटना होते देख शोर मचा दिया। आसपास खेतों में काम कर रहे किसान भाग कर घटनास्थल पर आए और अन्य वाहन में घायलों को इलाज के लिए जींद ले जाने लगे लेकिन उन्होंने जींद पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना नारनौंद के प्रभारी विनोद कुमार मौके पर पहुंचे। शवों का जींद के सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने राजेंद्र सिंह के बयान पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।