कैथल. त्योहारों पर सुरक्षा व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए पुलिस ने शहर में काम्बिंग आपरेशन चलाया। पुलिस ने तलाशी अभियान के तहत रेलवे स्टेशन से दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया। एसपी अनिल कुमार के नेतृत्व में डीएसपी एईसी अभय सिंह व सिटी इंसपेक्टर रविंद्र कुमार तोमर पुलिस बल के साथ अचानक शाम चार बजे रेलवे स्टेशन पहुंचे थे।
पुलिस पार्टी ने स्टेशन की घेराबंदी कर ली और गाड़ियों के इंतजार में बैठे सैकड़ों यात्रियों की जांच की। डीएसपी अभय सिंह व एसएचओ रविंद्र सिंह ने जींद से कुरुक्षेत्र जा रही 3 जेएनके व कुरुक्षेत्र से जींद जा रही 6 जेएनके सवारी गाड़ियों की तलाशी ली।
अधिकारियों व पुलिस कर्मचारियों ने गाड़ी में बैठे यात्रियों का सामान चेक किया और गाड़ी में रखे सूटकेस, बैग व अन्य सामानों के बारे में पूछताछ की। पुलिस ने सफर के दौरान कोई लावारिस वस्तु दिखाई देने व पड़ी मिलने पर पुलिस को सूचित करने को कहा।
पुलिस टीम ने स्टेशन से दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया। उसे पूछताछ के लिए जीआरपी पुलिस के हवाले कर दिया। इनमें एक युवक नरवाना निवासी रिकी व दूसरा मानसा का रहने वाला बताया जाता है।
बस अड्डे पर भी चला तलाशी अभियान
बाद में पुलिस ने बस अड्डे पर भी तलाशी अभियान चलाया। सिटी इंसपेक्टर रविंद्र कुमार ने यात्रियों से उनके सामान व संदिग्ध व्यक्तियों से उनके पते व पहचान के बारे में पूछताछ की। उन्होंने चौकी में तैनात कर्मचारियों को अड्डे पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए।
क्या कहते हैं डीएसपी
>> त्योहारों के मद्देनजर कड़ी चौकसी बरतते हुए पुलिस ने रेलवे स्टेशन व बस अड्डे पर काम्बिंग आपरेशन किया। स्टेशन से दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा है। यह काम्बिंग दीवाली तक जारी रहेगी। धार्मिक स्थलों, होटलों व बाजारों में भी ये कार्रवाई की जाएगी।
अभय सिंह, एईसी, डीएसपी, कैथल