HomeNewsNational National

वर्ल्ड स्पेस काउंसिल का गठन हो : कलाम

ह्यूस्टन.भारत के पूर्व राष्ट्रपति डा. एपीजे अब्दुल कलाम ने पूरे विश्व समुदाय से अपील की है कि वे वर्ल्ड स्पेस काउंसिल के गठन के लिए एक मंच पर आएं। डा. एपीजे अब्दुल कलाम ने नई-नई खोज के लिए नौजवानों के मस्तिष्क को प्रेरित करने की हिमायत करते हुए उड्डयन, अंतरिक्ष सुरक्षा और दूसरे ग्रह के अभियानों पर नजर रखने के लिए विश्व अंतरिक्ष परिषद बनाने का प्रस्ताव रखा।

राइस विश्वविद्यालय में व्याख्यान के दौरान पूर्व राष्ट्रपति ने कहा कि इस तरह के एकजुट प्रयास से अंतरिक्ष विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में विश्व को फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस तरह बड़ी परियोजनाओं का वित्तीय और प्रबंधन संबंधी भार उठाने के लिए संस्थानों व संगठनों की मदद में अंतरराष्ट्रीय साझेदारी होनी चाहिए। विश्व अंतरिक्ष परिषद के बारे में उन्होंने कहा कि यह अंतरिक्ष खोज, अंतरिक्ष सुरक्षा और दूसरे ग्रहों के अभियान की योजना और तरीकों पर नजर रखेगी।

भारत के पूर्व राष्ट्रपति ने कहा कि नई पीढ़ी को रास्ता दिखाने की जरूरत है ताकि वे विश्व अंतरिक्ष दृष्टि 2050 को हासिल करने के लिए अनुसंधान कर सकें। अंतरिक्ष कार्यक्रमों में दिलचस्पी रखने वाले देशों को उन्होंने सलाह दी कि वे प्रौद्योगिकी और संसाधन पर पैसा खर्च कर अपनी अंतरिक्ष क्षमता बढ़ाएं।

कलाम का मानना है कि वर्ष 2050 तक पूरी दुनिया में बिजली वितरण सौर ऊर्जा और सौर ऊर्जा संचालित उपग्रहों के माध्यम से होगा। संचार का काम खास किस्म के उपग्रहों से होगा। सौर ऊर्जा के जरिए समुद्र के पानी को पेय जल में परिवर्तित करके जल आपूर्ति होगी। उन्होंने कहा कि यह ऐसी दुनिया होगी जहां सभी नागरिकों को सौर ऊर्जा और सौर ऊर्जा से चलने वाले उपग्रहों से समान ऊर्जा मिलेगी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: