मुंबई. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ट्वेंटी20 मैच खेलने के लिए यहां ताजमहल होटल में रुकी टीम इंडिया को पुलिस सुरक्षा और अंगरक्षक मुहैया कराए गए हैं। यह सुरक्षा दस्ता टीम के साथ ऐन वक्त तक रहेगा जब तक टीम मैदान पर नहीं पहुंच जाती। इसके अलावा पिछली बार दर्शकों के बर्ताव को देखते हुए पूरे स्टेडियम में भी अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
बताया गया है कि शुक्रवार रात से ही टीम इंडिया के खिलाड़ियों को सुरक्षा व्यवस्था मुहैया कराई गई है। होटल से बाहर किसी कार्यक्रम में या भोजन के लिए जाने पर बॉडीगार्डस भी खिलाड़ियों के साथ गए। ये बॉडीगार्डस सादे कपड़ों में होटल लॉबी में खिलाड़ियों के साथ रहे हालांकि इन्होंने खिलाड़ियों के ऑटोग्राफ और फोटो लेने से लोगों को नहीं रोका।
इससे पहले दोनों टीमों के बीच हुए आखिरी वनडे मैच में दर्शकों के अनपेक्षित व्यवहार और ऑसी खिलाड़ी एंड्रयू साइमंड्स पर की गई नस्लभेदी टिप्पणी के बाद बीसीसीआई ने ट्वेंटी20 मैच में ज्यादा सुरक्षा बरतने के निर्देश दिए थे। नतीजतन मुंबई पुलिस ने ब्रेबॉर्न स्टेडियम में करीब एक दर्जन सीसीटीवी लगाए हैं ताकि दर्शकों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
उथप्पा ने की दर्शकों से संयम रखने की अपील :
भारतीय बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा ने दर्शकों से संयम रखने और अच्छा व्यवहार करने की अपील की है। दूसरी ओर साइमंड्स ने भी कहा कि वे क्रिकेट पर फोकस करेंगे और एक ऐसे माहौल की उम्मीद है जहां खिलाड़ी और दर्शक अच्छे खेल के मूड में होंगे और एक अच्छी याद लेकर घर लौटेंगे। साइमंड्स ने आखिरी वनडे के दौरान बनी कठिन परिस्थिति से निपटने के लिए मुंबई पुलिस की तारीफ भी की।
कार्तिक इन, चावला आउट
वनडे सीरीज भारत ने 4-2 से गंवा दी लेकिन आखिरी मैच में जीत हासिल की और उस जीत के हीरो रहे मुरली कार्तिक को ट्वेंटी20 टीम में जगह दी गई है। 27 रन देकर 6 विकेट लेने वाले कार्तिक को टीम में शामिल करने के लिए लेग स्पिनर पीयूष चावला टीम में नहीं रखा गया है। शेष पूरी टीम वही है जिसने ट्वेंटी20 वर्ल्ड कप का फाइनल खेला था।
धोनी की खास मेहमान :
ट्वेंटी20 मैच के आकर्षण में चार चांद लगाने के लिए दर्शकों में नई बॉलीवुड अदाकारा दीपिका पादुकोण भी दिखाई दे सकती हैं। कहा जा रहा है कि फरहा खान निर्देशित फिल्म ओम शांति ओम से अपने सिने कैरियर की शुरुआत करने वाली दीपिका को कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने ट्वेंटी20 मैच देखने के लिए विशेष रूप से न्यौता भेजा है।