News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. डब्लूआरएस मैदान में संभवत: राज्य के सबसे बड़े (101 फीट ऊंचाई) रावण पुतले का दहन किया जाएगा। आयोजकों का दावा है कि देश में अब तक इतना बड़ा पुतला नहीं जलाया गया। वहां मेघनाथ और कुंभकरण के पुतले भी 60-70 फीट ऊंचे हैं।
क्रेनों के जरिए करीब करीब 200 लोगों ने दिन-रात मेहनत कर तीनों पुतलों को मैदान पर खड़ा कर दिया है। अब इनकी सजावट चल रही है। डब्लूआरएस मैदान में आतिशबाजी की जबर्दस्त तैयारी की गई है। लेजर तकनीक से राम-रावण युद्ध का प्रदर्शन विशेष आकर्षण रहेगा। पूरा सिस्टम कंप्यूटराइज्ड है। आज शाम इसकी रिहर्सल की गई।
डब्लूआरएस दशहरा उत्सव समिति ने दावा किया कि यह भी देश में अपनी तरह का पहला प्रदर्शन है। आतिशबाजी के लिए इस बार भी मुंबई से महबूब भाई को आमंत्रित किया गया है। उनके साथ खड़गपुर के कलाकार भी हैं। आतिशबाजी भी कंप्यूटराइज्ड है, यानी आग लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
डब्लूआरएस दशहरा उत्सव समिति के संरक्षक व राज्यमंत्री राजेश मूणत ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यपाल ईएसएल नरसिम्हन होंगे। अध्यक्षता प्रदेश के मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह करेंगे। उन्होंने बताया कि हर बार पुतला दहन के तुरंत बाद धक्का-मुक्की का माहाौल हो जाता है। इसलिए इस बार दहन के बाद छत्तीसढ़ की उभरती गायिका शहनाज अख्तर का भजन संध्या कार्यक्रम होगा। यह रात तक चलेगा।
मैदान पर 10 हजार कुर्सियां
डब्लूआरएस मैदान पर 10 हजार कुर्सियां लगाई जाएंगी। अंधेरे को ध्यान में रखकर सभी सड़कों पर हाईबीम लाइटें लगाई गईं। सड़कों पर सांकेतिक बोर्ड लगाए जा रहे हैं। तीन जगह पार्किग कराई जाएगी। वीआईपी पार्किग मंच के ठीक बाजू रहेगी।
मुख्य पार्किग रेलवे इंस्टीट्यूट मैदान पर बनाई गई है। खमतराई ओवरब्रिज के नीचे खाली जगहों पर भी पार्किग रहेगी। मैदान के आसपास और डब्लूआरएस कालोनी में भारी वाहनों का दोपहर से रात तक प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया।
रावण एक, रूप अनेक
डब्लूआरएस मैदान के अलावा शहर के अन्य दर्जनभर मैदान और चौक-चौराहों में भी रावण पुतले के दहन की तैयारियां की गई हैं। शंकरनगर, रावणभाठा, समता कालोनी, बूढ़ापारा, भाठागांव, भनपुरी, श्यामनगर, टाटीबंध समेत दर्जनभर जगहों पर रावण का पुतला जलाया जाएगा।
सभी जगह आतिशबाजी की तैयारी है। समता कालोनी और श्याम टाकीज के पीछे बूढ़ापारा में 30-30 फीट का रावण पुतला बनाया गया है। आयुर्वेदिक कालेज मैदान पर भी दशहरा उत्सव मनाया जाएगा। वहां 51 फीट का रावण पुतला बनाया जा रहा है। शंकरनगर में विजय उत्सव पर स्टाल लगाए जाएंगे। वहां कई सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम
रावणभाठा में 20 फुट रावण तैयार किया गया है। यहां के आतिशबाजी में विभिन्न कथाओं के चित्रण का प्रदर्शन होगा। संरक्षक सूरज निर्मलकर ने बताया कि दशहरा उत्सव आज से तीन दिन तक लगातार मनाया जा रहा है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम, कवि सम्मेलन, भजन संध्या और रामलीला का आयोजन अलग-अलग दिनों में होगा। चौबेकालोनी दशहरा उत्सव में 30 फीट का पुतला तैयार किया गया है।
आयोजक और आत्मानंद वार्ड के पार्षद ओंकार बैस ने बताया कि यहां दशहरा परंपरा और संस्कृति को ध्यान में रखकर मनाया जाएगा। बाल समाज बूढ़ापारा ने भी सप्रे शाला में 30 फीट का रावण तैयार किया है।
समिति के अध्यक्ष प्रदीप शितूत ने बताया कि बाल समाज अगले वर्ष अपनी स्थापना के सौ वर्ष पूरे करेगा। यह राजधानी के साथ राज्य के लिए भी गौरव का विषय है। न्यू राजेंद्र नगर स्थित बीटीआई ग्राउंड में भी पुतला दहन की जबर्दस्त तैयारी है।