News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रकों का आवागमन पहले की तरह बहाल नहीं किया गया तो जिले के समस्त ट्रक आपरेटर ट्रकों के पहिए जाम कर देंगे। इस आशय का कलेक्टर के नाम ज्ञापन ट्रक आपरेटर एसोसिएशन ने एडीएम को सौंपा।
उल्लेखनीय है कि पिछले दस दिन से गोल पहाड़िया व बहोड़ापुर पुलिस चौकी पर रात दस बजे के बाद भी ट्रकों को लक्ष्मीगंज वाले रास्ते से आने से रोका जा रहा है। पुलिस ट्रक चालकों को वाहन साडा बैरियर से ले जाने पर दबाव बना रही है।
लोकल ट्रक एसोसिएशन के अध्यक्ष छोटे राजा गुर्जर ने ज्ञापन में कहा है कि पिछले दस दिन से राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-3 (आगरा-मुंबई मार्ग) पर ट्रकों को रात 10 बजे के बाद भी लक्ष्मीगंज होकर जाने से रोका जा रहा है। यह तब हो रहा है जबकि जिला प्रशासन द्वारा रात दस बजे से सुबह सात बजे तक ट्रकों (भारी वाहनों) को शहर में प्रवेश के लिए इजाजत दी गई है।
श्री गुर्जर ने कहा है कि बहोड़ापुर व गोल पहाड़िया पुलिस चौकी पर पुलिस व साडा कर्मचारियों द्वारा ट्रकों को साडा बैरियर होकर जाने के लिए बाध्य किया जाता है। इसी कारण दोनों स्थानों पर ट्रकों की लम्बी-लम्बी कतारें लग जाती हैं और आवागमन बाधित होता है।
ज्ञापन में कलेक्टर से कहा गया है कि वे इस मामले में दखल देकर स्थानीय पुलिस अधिकारियों को पूर्व की तरह ट्रकों को आने जाने की इजाजत देने के निर्देश दें। संघ की ओर से कहा गया है कि यदि ऐसा नहीं किया गया तो विरोध में ट्रक आपरेटर एसोसिएशन द्वारा 22 अक्टूबर को ट्रांसपोर्ट नगर बंद किया जाएगा। ज्ञापन लेने के बाद एडीएम वेद प्रकाश ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
मुख्यमंत्री कल आएंगे
भारत-पाकिस्तान के बीच 15 नवंबर को होने वाले एक दिवसीय क्रिकेट मैच की तैयारियों की समीक्षा को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 22 अक्टूबर की सुबह ग्वालियर आएंगे।
जानकारी के अनुसार, श्री चौहान सुबह 11 बजे सरकारी विमान से आएंगे और स्टेडियम में आयोजित बैठक में शामिल होने के बाद दोपहर एक बजे वापस चले जाएंगे। इस अवसर पर कुछ आला अधिकारी भी बैठक में हिस्सा लेने ग्वालियर आएंगे।