News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior गोहद. गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के बिरखड़ी गांव में शुक्रवार की रात आपसी विवाद पर छोटे भाई ने अपने बड़े भाई को गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज करते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। हत्या की यह वारदात शुक्रवार की रात 11 बजे होना बताई गई है।
एसडीओपी अरूण मिश्रा ने बताया कि घमंडी उर्फ विनोद (42) पुत्र परशुराम बिरथरिया निवासी बिरखड़ी का अपने छोटे भाई भूरा उर्फ अनिल से एक महिला को लेकर विवाद हो गया था। मृतक के किसी महिला से संबंध थे, इसे लेकर आरोपी भाई खासा खफा रहता था।
घटना के वक्त भी उसने महिला को लेकर अपने बड़े भाई से आपत्ति दर्ज की थी। इसी बात को लेकर जब विवाद बढ़ा तो भूरा उर्फ अनिल ने उसे गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी गांव से भाग निकला।
एसडीओपी ने बताया कि आरोपी भूरा उर्फ अनिल पर 15 हजार का इनाम रह चुका है। इसके द्वारा वर्ष 2003 में जीआरपी थाना ग्वालियर से कुछ आरोपियों को भगा ले जाने का काम किया था। इसी मामले में उसे सजा भी हो चुकी थी। वह सप्ताह भर पहले ही हाईकोर्ट से जमानत पर छूटकर गांव वापस लौटा था।
उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर शुक्रवार की रात में ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। बाद में मृतक की लाश को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गोहद पर लाया गया। पोस्टमार्टम के बाद मृतक की लाश शनिवार को दोपहर बाद परिजनों को सौंप दी गई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज करते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।