HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

14 स्थानों पर होगा रावण दहन

भोपाल. राजधानी में रविवार को चौदह स्थानों पर रावण दहन होगा। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रावण दहन के लिए विभिन्न मैदानों पर व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। इस मौके पर विशेष रूप से आतिशबाजी का आयोजन भी किया गया है। व्यवस्था बनाने के लिए अलग-अलग द्वार भी बनाए गए हैं।

छोला दशहरा मैदान
हिंदू उत्सव समिति द्वारा छोला दशहरा मैदान पर दशहरा उत्सव के लिए व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं। यहां 65 फीट के रावण का दहन होगा। इस अवसर पर मारवाड़ी रोड स्थित बांके बिहारी मंदिर से चल समारोह दोपहर दो बजे से शुरू होगा, जो विजय भूमि छोला मैदान पहुंचेगा।

चल समारोह में विभिन्न अखाड़े और आकर्षक झांकियां शामिल होंगी। कार्यक्रम के संयोजक ईशदयाल शर्मा ने बताया कि रात आठ बजे रावण दहन होगा। इस मौके पर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान होंगे।

बिट्टन मार्केट
अरेरा (राजधानी) उत्सव समिति द्वारा 71 फीट के रावण का दहन किया जाएगा। यहां सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। संस्था के अध्यक्ष राजेश व्यास ने बताया कि चल समारोह शाम 4.30 बजे हनुमान टेकरी से शुरू होकर 1100 क्वार्टर होता हुआ बिट्टन मार्केट दशहरा मैदान पहुंचेगा।

यहां आतिशबाजी प्रतियोगिता होगी और शाम 6.30 बजे रावण दहन होगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी होंगे। अध्यक्षता महापौर सुनील सूद करेंगे विशेष अतिथि विधायक उमाशंकर गुप्ता होंगे।

टीटी नगर दशहरा मैदान
नागरिक कल्याण समिति द्वारा यहां 46वां दशहरा महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। यहां एक लाख लोगों के लिए व्यवस्था की गई है। यहां 65 फीट का रावण और 60 फीट के कुंभकरण और मेघनाद होंगे।

समिति के सचिव सुरेशचंद्र व्यौहार ने बताया कि इस अवसर पर साहित्यकार सम्मान शंकर शरण बत्रा और अशोक मल्होत्रा को प्रदान किया जाएगा। यहां शाम छह बजे कार्यक्रम शुरू हो जाएगा। कार्यक्रम में राज्यपाल और मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे।

शाहपुरा
शाहपुरा दशहरा उत्सव समिति द्वारा रात आठ बजे दशहरा रावण दहन का आयोजन किया गया है। इस साल 60 फीट का रावण, 55 फीट का मेघनाद और 52 फीट के कुंभकरण के पुतलों का दहन होगा। यहां रंगारंग आतिशबाजी लोगों के आकषर्ण का केंद्र रहेगी। शाहपुरा स्थित दुर्गा मंदिर से शाम चार बजे विजय जुलूस निकलेगा।

कोलार हिंदू उत्सव समिति
समिति द्वारा रात आठ बजे दशहरा उत्सव का आयोजन किया गया है। यहां 61 फीट का रावण और 51-51 फीट के कुंभकरण और मेघनाद का दहन होगा। मुख्य आकर्षण आतिशबाजी और राजस्थान का लोकनृत्य

बाग मुगालिया
संस्कार उत्सव समिति द्वारा भेल क्षेत्र के बाग मुगालिया में 57 फीट के रावण रावण का दहन कार्यक्रम रखा गया है। इस मौके पर राम बारात निकाली जाएगी। जिसमें समुद्र के ऊपर उड़ते हनुमान और राम, लक्ष्मण और सीता जी को केवट द्वारा नाव से पार करने का प्रसंग आकर्षण का केंद्र होगा।

समिति द्वारा 100 मीटर लंबा बैनर जनता के लिए रखा जाएगा जिसमें रामसेतु की रक्षा के लिए लोग हस्ताक्षर करेंगे। दोपहर 3.30 बजे बाग सेवनिया के गणोश मंदिर से राम बारात प्रस्थान करेगी। शाम 7.30 बजे रावण दहन होगा।

कहां-कहां होगा रावण दहन
शहर में 14 प्रमुख स्थानों पर रावण दहन 21 अक्टूबर को होगा। जिसमें छोला दशहरा मैदान, टीटी नगर, भेल दशहरा मैदान, बैरागढ़, बिट्टन मार्केट, शाहपुरा, जंबूरी मैदान, गांधी नगर दशहरा मैदान, अशोका गार्डन मैदान, कोहेफिजा दशहरा मैदान, हाउसिंग बोर्ड कालोनी निशातपुरा, रविशंकर दशहरा मैदान, कोलार दशहरा मैदान और अयोध्या नगर दशहरा मैदान, बाग मुगालिया प्रमुख हैं।

एक हजार जवान संभालेंगे व्यवस्था
रविवार को कोतवाली स्थित बांके बिहारी मंदिर से निकलने वाले दशहरा चल समारोह में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। चल समारोह और दशहरा मैदान की सुरक्षा व्यवस्था छह सेक्टर में रहेगी। जिसमें सीएसपी और टीआई प्रभारी होंगे। इस व्यवस्था में एक हजार पुलिस कर्मी, एसटीएफ और आरएएफ की कंपनी तैनात रहेगी। साथ ही डाग और बम डिस्पोजल स्क्वाड भी तैनात रहेगा।

स्क्वाड रास्ते में खड़े वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी लेगा। सुरक्षा व्यवस्था के प्रभारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध शाखा शशिकांत शुक्ला होंगे। संवेदनशील स्थानों समेत शहर में 32 स्थानों पर फिक्स पिकेट रहेंगे।

इसके अलावा शहर के अन्य स्थानों पर होने वाले रावण दहन के दौरान संबंधित संभाग के सीएसपी सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेंगे। टीटी नगर दशहरा मैदान में होने वाले समारोह की सुरक्षा प्रभारी असिस्टेंट कमांडेट 25वीं बटालियन मोनिका शुक्ला होंगी।

भारी वाहनों का प्रवेश बंद
रावण दहन के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था को परिवर्तित किया गया है। शहर में रविवार की रात 12 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

छोला मैदान की व्यवस्था :
रविवार को शाम चार बजे के बाद बस स्टैंड से छोला रोड होकर विदिशा की ओर जाने वाली यात्री बसें भोपाल टाकीज से सिंधी कालोनी, बैरसिया रोड होकर चलेगी। शाम चार बजे के बाद बस स्टैंड और छोला रोड के बीच टेंपो और मिनीबसें नहीं चलेंगी। ये वाहन भोपाल टाकीज से होकर सिंधी कालोनी, डीआईजी बंगला, करोंद होकर चलेंगे।

शाम चार बजे से भानपुर तिराहे से छोला दशहरा मैदान की ओर बस, मिनी बस एवं व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। चल समारोह शुरू होने के बाद सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश बस स्टैंड से छोला रोड की ओर प्रतिबंधित रहेगा।

रेलवे स्टेशन जाने वाले छोला इलाके के रहवासी यूनियन कार्बाइड, डीआईजी बंगला, भोपाल टाकीज से होकर जा सकेंगे। जुलूस के बस स्टैंड पहुंचने के बाद आने वाले दर्शक भोपाल टाकीज, सिंधी कालोनी, डीआईजी बंगला होकर दशहरा मैदान जा सकेंगे।

टीटी नगर मैदान की व्यवस्था:
राज्यपाल रोशनपुरा, रंगमहल, अर्चना पैथालाजी, चंद्रशेखर स्कूल मार्ग से दशहरा मैदान पहुंचेंगे। इस मार्ग पर अन्य वाहन नहीं चलेंगे। रविवार को शाम चार बजे के बाद कमला पार्क की ओर से आने वाली बस, टेंपो और मिनीबसें टीटीटीआई होकर डिपो चौराहा से जवाहर चौक पहुंचेंगी। इसी मार्ग से जवाहर चौक से कमला पार्क जाने वाले वाहन चलेंगे। दर्शक बाणगंगा, पलाश होटल के सामने से होकर दशहरा मैदान पहुंचेंगे।



संबंधित खबरें
* आयुर्वेद और तंत्रशास्त्र में रावण का योगदान
* दिल में राम और ब्रीफकेस में रावण!
* लेजर शो के साथ मारेंगे रावण
* रथ समेत जलाया जाएगा रावण
* नगर निगम फूंकेगा दो लाख का रावण





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: