भोपाल.
एक युवती की शादी दूसरे व्यक्ति से होना एक कथित प्रेमी को नागवार गुजरी। शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात प्रेमी ने अपने भाई और दो साथियों के साथ मिलकर निजामुद्दीन कालोनी में युवती की ससुराल पर हथगोलों से हमला कर दिया। जिसमें खिड़कियों और कार के कांच टूट गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पिपलानी पुलिस के मुताबिक ए सेक्टर, निजामुद्दीन कालोनी निवासी जहीरउद्दीन जावेद भेल में मास्टर टेक्नीशियन हैं। दो महीने पहले उन्होंने अपने बेटे आतिफ की शादी बाग फरहत अफ्जा निवासी एक युवती से की है। आतिफ एक टेलीकाम कंपनी में नौकरी करते हैं।
बताया गया है कि शुक्रवार और शनिवार की रात बरखेड़ी निवासी आजम अपने भाई सैफ उर्फ राजा साथी बुधवारा निवासी नदीम और रुक्मान के साथ निजामुद्दीन कालोनी पहुंचा और जहीरउद्दीन के घर पर दो हथगोले फेंके। बम धमाके से घर की खिड़कियों और पोर्च में खड़ी कार के कांच टूट गए। बम फेंकने के बाद आरोपी वहां से भाग गए।
धमाके इतने तेज थे कि पड़ोसी भी बाहर आकर इकट्ठा हो गए। धमाकों की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस के एफएसएल टीम और बम डिस्पोजल स्क्वाड ने भी मौके का मुआयना किया है।
बताया गया है कि आतिफ की जिस युवती से शादी हुई है उससे आजम को एकतरफा प्रेम था। आजम उससे शादी करना चाहता था। लड़की पसंद आने पर आतिफ के परिजनों ने दोनों की शादी 26 अगस्त को करा दी। आतिफ की पत्नी अभी मायके में हैं। उसकी 2 नवंबर को विदाई होना है।
शादी के एक दिन पहले आजम अपने साथियों के साथ आतिफ के घर उसे धमकाने पहुंचा था। उसका कहना था कि वह उस लड़की से शादी न करे, क्योंकि वह उससे शादी करना चाहता है। आतिफ के पिता जहीरउद्दीन ने बताया कि आजम और उसके साथी फोन पर लगातार धमकी दे रहे थे। उनका कहना था कि यदि आतिफ का निकाह उस युवती से हुआ तो उसके गंभीर परिणाम होंगे।
धमकियों के कारण उन्होंने घर का लैंड लाइन फोन भी बंद करा दिया था। बाद में आरोपी घर पर पत्र भेज कर धमकी देने लगे। जब उन्हें पता चला कि निकाह हो गया है तो वे तलाक के लिए दबाब बना रहे थे। पुलिस आरोपियों की तलाश में उनके ठिकानों पर दबिश दे रही है।