अजमेर. नगर सुधार न्यास ने शनिवार को पृथ्वीराज नगर योजना में लॉटरी के जरिए 1010 भूखंड आवंटित कर दिए। इससे न्यास को चालीस करोड़ रुपए की आय होगी। योजना में बाकी भूखंडों की लॉटरी की अभी तारीख तय नहीं है।
पुष्कर रोड स्थित विश्राम स्थली में शनिवार की सुबह आयोजित समारोह में कंप्यूटर के माध्यम से सार्वजनिक रूप से लॉटरी निकाली गई। लॉटरी में ढाई हजार से अधिक आवेदक शामिल हुए। सबसे पहले लॉटरी का बटन वयोवृद्ध सेवानंद गुप्ता ने दबाया। इसके बाद पूर्व न्यासी भगवती रूपाणी और दो बच्चों ने लॉटरी निकाली। न्यास के योजना में कुल भूखंड 2659 हैं। इसमें से करीब सात सौ भूखंड खातेदारों को भूमि के बदले भूखंड आवंटित करने हैं। इसके अलावा न्यास कुछ भूखंडों को नीलामी में बेचने के लिए आरक्षित करेगी।
न्यास दूसरे चरण में करीब 300 भूखंडों की लॉटरी निकालेगी। इस अवसर पर आयोजित समारोह को धरोहर संरक्षण एवं प्रोन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत, सांसद रासासिंह रावत, जिला प्रमुख सरिता गैना और विधायक अनिता भदेल ने भी विचार व्यक्त किए। न्यास अध्यक्ष धर्मेश जैन और सचिव अंबरीश कुमार ने योजना के बारे में जानकारी दी।
मंत्री नहीं आए
न्यास के कार्यक्रम के मुताबिक कार्यक्रम में शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी और नगरीय विकास राज्यमंत्री प्रताप सिंघवी को आना था। मंत्री की अगुवाई करने प्रशासन ने प्रोटोकॉल अफसर के रूप में भरत शर्मा की ड्यूटी लगाई थी। शर्मा भी पांच घंटे तक इंतजार करते रहे, मंत्री नहीं आए।
गिनती से चूक
न्यास ने पहले 1011 भूखंडों की लॉटरी निकालने की घोषणा की थी, लेकिन सुबह वापस भूखंडों की जांच की तो एक भूखंड की संख्या को दो बार लिखा हुआ था। अफसरों ने गलती सुधारते हुए एक भूखंड कम कर दिया।