News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. तिफरा रेलवे क्रासिंग से लेकर बोदरी परसदा तक धूल भरी जर्जर सड़क का तकलीफदेह सफर का अहसास मुख्यमंत्री डा.रमन सिंह को बंद एयरकंडीशन्ड कार में नहीं हुआ होगा, परंतु उन्होंने छह महीने में रायपुर रोड के इस क्षतिग्रस्त हिस्से को दुरुस्त कराने का दावा जरूर किया है।
जर्जर सड़क के सफर के कष्ट के बारे में जब इस संवाददाता ने उनसे पूछा, तो वे चुप पड़ गए। बिजली कटौती बंद कराने के बारे में श्री सिंह ने दोहराया कि दिसंबर से बिजली कटौती बंद हो जाएगी।
मालखरौदा विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के करीब छह महीने बाद मुख्यमंत्री के नगर आगमन पर प्रशासन ने धूल भरे रायपुर रोड पर कई बार पानी का छिड़काव कराया। इसके बावजूद मुख्यमंत्री के काफिले के गुजरने के बाद सड़क धूल से अट गई।
ट्रैफिक की दिन ब दिन बिगड़ती समस्या के मद्देनजर प्रशासन ने अरसे बाद मुख्यमंत्री के काफिले के गुजरने तक उनके रास्तों पर आगमन रोक दिया। इससे नागरिकों को बड़ी परेशानी उठानी पड़ी। यह सिलसिला जरहाभाठा मंदिर चौक से शुरू होकर, नेहरू चौक, राजेंद्र नगर चौक, इंदिरा सेतु, बृहस्पति बाजार, पोस्ट आफिस, इंदू चौक तक जारी रहा।
चकरभाठा हवाई पट्टी पर मुख्यमंत्री का विमान निर्धारित समय 10.50 बजे से करीब आधा घंटे देर से उतरा। हवाई पट्टी से लेकर मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। उनकी सुरक्षा के लिए रिंग राउंड के अतिरिक्त बस्तर से हाल ही में कमांडो ट्रेनिंग से लौटे दस्ते को तैनात किया गया था।
सुरक्षा बंदोबस्त की चुस्ती का अंदाज इस बात से लगाया जा सकता है कि मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए पहुंची महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा राव की माला तक कि मेटल डिटेक्टर से जांच करने में पुलिस जवान ने परहेज नहीं किया।
डीएसपी ने हांकी मवेशियों की रेवड़
प्रशासन का सारा बंदोबस्त उस समय धरा का धरा रह गया, जब गोधूलि बेला में चकरभाठा हवाई पट्टी लौट रहे मुख्यमंत्री के काफिले का सामना मवेशियों की रेवड़ से हो गया। चकरभाठा बस्ती के पास मुख्यमंत्री के काफिले के सामने पहुंची मवेशियों की रेवड़ को डीएसपी ट्रैफिक सुशील डेविड को अकेले हांकना पड़ा। उन्हें बड़ी मुस्तैदी से मवेशियों को सड़क के किनारे लगाते हुए देखा गया।