News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर.
मुख्यमंत्री डा. रमन ंिसंह ने कहा है कि सेवा भारती ने अनाथ, बेसहारा बच्चों का लालन-पालन, शिक्षा-दीक्षा, जाति और सामाजिक भेदभाव के बिना कर प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश में मिसाल कायम किया है। सेवा भारती को शहर में सेवा के लिए भूमि के आवंटन तथा भवन के निर्माण के लिए सरकार पूरी मदद करेगी।
शनिवार को दोपहर सेवा भारती द्वारा छत्तीसगढ़ स्कूल में आयोजित 11 हजार 1 कन्याओं के भोज व पूजन के अवसर पर श्री सिंह ने कहा कि नवरात्रि का दिन कन्याओं के पालन-पोषण तथा उन्हें आगे बढ़ाने के लिए संकल्प का दिन है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में वर्षं 2000 में शिशु कन्या की मृत्यु दर 95 थी। बेहतर स्वास्थ्य सेवा तथा जागरूकता के कारण इस वर्ष यह 62-63 में ठहर गई है।
श्री सिंह ने कहा कि भ्रूण हत्या देश के लिए दुर्भाग्य है। बालिका के पैदा होने के पहले ही उसे समाप्त करने के अपराध के लिए दंड विधान में सजा का प्रावधान है, लेकिन इससे अलग ईश्वर भी इसका दंड देते हैं। उन्होंने सेवा भारती द्वारा अनाथ बच्चों के लिए स्थापित ‘मातृ-छाया’ की सराहना करते हुए कहा कि वहां दो दिन से लेकर दो साल के 80 बेसहारा बच्चों का निस्वार्थ भाव से पालन-पोषण किया जा रहा है।
कार्यक्रम से पूर्व वे श्री शौरी तथा अन्य अतिथियों के साथ मातृ छाया पहुंचकर बच्चों के साथ 15 मिनट व्यतीत किए। बच्चों का संरक्षण करने वाली कानस्कर दंपती की सराहना करते हुए संस्था के गतिविधियों की जानकारी ली तथा समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए रामकृष्ण आश्रम कोनी के विश्वात्मानंद ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने गर्व से भारतवासी कहने की प्रेरणा देकर लोगों के मन में देश के प्रति आत्माभिमान जागृत किया था।
उन्होंने कहा कि मानवता की सेवा के लिए जिस प्रकार मदर टेरेसा का नाम हुआ, उसी प्रकार एक दिन सेवा भारती का नाम विश्व में गौरव से लिया जाएगा। संचालन करते हुए भास्कर वर्तक ने बताया कि संस्था ने कन्या पूजन का कार्यक्रम 10 वर्ष पूर्व 50 कन्याओं के पूजन से प्रारंभ किया था। सेवा भारती ने दाल-भात सेंटर, एम्बुलेंस सेवा का बेहतर संचालन जारी रखा है।
इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण शौरी, स्वास्थ्य मंत्री अमर अग्रवाल, उच्च शिक्षा मंत्री डा. कृष्णमूर्ति बांधी, सांसद पुन्नूलाल मोहले, मेयर अशोक पिंगले, वरिष्ठ पत्रकार रमेश नैयर, श्यामलाल चतुर्वेदी, रामनारायण शुक्ल, सेवा भारती के विष्णु कुमार, एसडी केशरवानी, चरणदास आहूजा, संगीता अग्रवाल, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा राव, प्रदेश भाजपा के कोषाध्यक्ष लीलाराम भोजवानी, महामंत्री धरमलाल कौशिक, पार्षद स्नेहलता शर्मा, विजय ताम्रकार, भाजपा के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, महामंत्री राजा पांडे, पूर्व मंत्री मूलचंद खंडेलवाल, डीपी अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
सीएम ने अमर को भुलाया.
सेवा भारती के कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने संबोधन के दौरान नगर विधायक एवं मंत्री अमर अग्रवाल का नाम नहीं लिया। कार्यक्रम समाप्ति के थोड़ी देर पहले श्री अग्रवाल मंच से नीचे उतर आए। इधर सियासी हल्कों में इस वाकए की चर्चा नए समीकरण के रूप में की जाने लगी, लेकिन शांता जमुना हेरिटेज में आयोजित सिंधी समाज के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने श्री अग्रवाल की तारीफ कर उन चर्चाओं पर विराम लगा दिया।
मुख्यमंत्री इस कार्यक्रम में भाषण समाप्त करने को हुए, तो श्री अग्रवाल ने मंच से उठकर उन्हें सिंधी समाज के मंगल भवन के लिए भूमि देने की मांग की याद दिलानी चाही, इस पर उन्होंने कहा कि आपके विधायक को आपकी मांग पर आपसे ज्यादा चिंता है।
विधायक को अपने क्षेत्र के लोगों की चिंता होनी ही चाहिए। मुख्यमंत्री ने इसके बाद भूमि आवंटन के मसले पर सांसद पुन्नूलाल मोहले की चिंता जताकर अपनी चुनावी तैयारियों का संकेत दे दिया।