कोटा. शहर के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले सिविल लाइंस क्षेत्र में मुख्य सड़क पर शनिवार को मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे व्यक्ति ने बाइक चला रहे युवक के सिर के निचले हिस्से में गोली मार दी। युवक को डॉक्टरों ने ब्रेन डेथ घोषित कर दिया लेकिन, चमत्कार की आस में उसे वेंटिलेटर पर रख रखा है।
चश्मदीद युवकों के अनुसार एयरोड्राम चौराहे के निकट कार वर्कशाप चलाने वाला किशोरपुरा का 35 वर्षीय उमेश शर्मा शनिवार सुबह 11.15 बजे स्टेशन की ओर से मोटरसाइकिल से सर्किट हाउस तिराहे की तरफ जा रहा था।
मोटरसाइकिल उमेश के पार्टनर रिजवान की थी जिसे वो चला रहा था तथा उसके पीछे एक और युवक बैठा हुआ था। नेहरू पार्क के पिछले गेट के सामने पीछे बैठे युवक ने उमेश शर्मा के सिर के निचले हिस्से पर रिवाल्वर रखकर गोली चला दी। उस समय मोटरसाइकिल की गति धीमी थी। गोली लगते उमेश शर्मा मोटरसाइकिल सहित सड़क पर गिर गया और हमलावर युवक उम्मेद पैलेस होटल जाने वाले रास्ते से होता जंगल की तरफ भाग गया।
यह घटना देखने वाले तीनों जने काफी घबरा गए। उन्होंने मदद के लिए शोर भी मचाया लेकिन, वहां कोई भी वाहन चालक नहीं रूका। उसी दौरान एक निजी बैंक में कार्यरत खेड़ीफाटक निवासी पृथ्वीराज सिंह हाड़ा उर्फ चिंटू उधर से गुजर रहा था। उसने जब उमेश को खून से लथपथ देख ऑटोरिक्शा की मदद से उसे महाराव भीमसिंह चिकित्सालय पहुंचाया। बाद में प्रत्यक्षदर्शियों ने नयापुरा पुलिस को सूचना दी।
एसपी राजेश आर्य, डीएसपी हनुमान प्रसाद, सीआई जसवंत सिंह मय जाब्ते के पहुंचे। उन्होंने मौका मुआयना कर चश्मदीद लोगों के बयान लिए। एसपी आर्य ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। अभी तक हमलावर का नाम व हमले के कारणों का पता नहीं चल सका है। कई दिशाओं में जांच की जा रही है।
ब्रेन व हड्डी के टुकड़े हो गए
महाराव भीमसिंह चिकित्सालय में उसके उपचार में जुटे न्यूरोसर्जन डा. कृष्णहरि शर्मा ने सीटी स्केन कराया। जिससे पता चला कि गोली सिर के पीछे से घुसी और ब्रेन व हड्डी के टुकड़े करती हुई बीच में धंसी हुई है। न्यूरोसर्जन डा. मामराज अग्रवाल ने भी उसकी जांच की। डाक्टरों का कहना था कि ऐसी स्थिति में उसका आपरेशन भी नहीं किया जा सकता है। उसका मस्तिष्क खत्म हो चुका है। वेंटिलेटर की सहायता से शरीर के अन्य भाग काम कर रहे हैं। कोई चमत्कार ही उसे ठीक कर सकता है।