News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़. पूर्व मेयर कमला शर्मा को भारतीय जनता पार्टी की चंडीगढ़ यूनिट का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। कमला शर्मा शहर की पहली मेयर भी रह चुकी हैं। वे रविवार को दोपहर 1.00 बजे पार्टी ऑफिस में चार्ज संभालेंगी।
चंडीगढ़ में वर्ष 1996 में नगर निगम का गठन किया गया था। कमला शर्मा को वर्ष 1996-97 की टर्म में मेयर बनने का मौका मिला था। भाजपा के कुछ दिन पहले हुए राष्ट्रीय अधिवेशन में 33 परसेंट सीटें महिलाओं के लिए रिजर्व करने का फैसला लिया गया था।
>> कमला शर्मा को चंडीगढ़ भाजपा का अध्यक्ष नियुक्त कर पार्टी ने अपना वायदा पूरा किया है। इसके अलावा पदाधिकारियों में एक अन्य महिला को भी शामिल किया गया है। हीरा नेगी को चंडीगढ़ भाजपा का सेक्रेट्री नियुक्त किया गया है।
बीजेपी के आल इंडिया सेक्रेट्री और पंजाब व चंडीगढ़ यूनिट के इंचार्ज बलबीर पुंज, सह-प्रभारी
किरण घई ने आज चंडीगढ़ आकर पार्टी के पदाधिकारियों की घोषणा की। यह नियुक्तियां वर्ष 2007-10 के लिए की गई है। पिछले कई दिनों से चंडीगढ़ बीजेपी के नए अध्यक्ष की नियुक्ति का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा था।
बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष धर्मपाल गुप्ता ने हाईकमान के इस फैसले का स्वागत किया है। उनका कहना है कि पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को हाईकमान के इस फैसले का स्वागत करते हुए एकजुट होकर आगामी लोकसभा चुनावों की तैयारियों में जुटना चाहिए।
पार्टी के अन्य पदाधिकारी
पुरूषोतम महाजन उप-प्रधान
पूर्व मेयर केवल कृष्ण आदिवाल उप-प्रधान
माता राम धीमान उप-प्रधान
पूर्व पार्षद राजेश गुप्ता उप-प्रधान
संजय टंडन जनरल सेक्रेट्री
रामबीर भट्टी जनरल सेक्रेट्री
अरूण सूद सेक्रेट्री
पार्षद अनिल दूबे सेक्रेट्री
हीरा नेगी सेक्रेट्री
भीमसेन अग्रवाल सेक्रेट्री
पी.डी. मोंगिया कैशियर
स. अंतर सिंह बराड़ ऑफिस सेक्रेट्री
असंतुष्टों की नहीं चली
स्थानीय नेतृत्व से नाराज चल रहे पार्टी कार्यकर्ताओं की कोई नहीं चली। कई असंतुष्टों ने किरण घई और संगठन मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मिलकर स्थानीय नेतृत्व के खिलाफ शिकायतें की थी। बालकृष्ण कपूर, रघुवीर लाल अरोड़ा, देसराज टंडन सहित पार्टी के करीब आधा दर्जन नेता खुद को अध्यक्ष नियुक्त किए जाने को लेकर आश्वस्त थे।
कमला शर्मा को पूर्व सांसद सत्यपाल जैन के गुट से ही माना जाता है। इस नियुक्ति के बाद पार्टी में बड़े स्तर पर ऊथल-पुथल की संभावना है। पार्टी के कई कार्यकर्ता पहले ही उनके गुट से अध्यक्ष नियुक्त न किए जाने पर पार्टी छोड़ने की चेतावनी तक दे चुके थे।