HomeNewsHaryanaHisar Hisar

शाम 6 बजे होगा दशानन दहन

हिसार. dashanan बुराई पर अच्छाई की जीत के रूप में मनाया जाने वाला दशहरा रविवार को शहर के विभिन्न स्थानों पर धूमधाम से मनाया जाएगा। इसके तहत विभिन्न जगहों पर रावण, कुंभकर्ण व मेघनाद के पुतले जलाए जाएंगे और आतिशबाजी भी होगी।

इनमें से रामलीला कमेटी कटला द्वारा पुराने राजकीय कॉलेज मैदान में मनाया जाने वाला दशहरा शहरवासियों के लिए मुख्य आकर्षण रहेगा। इसमें इस बार 45 फुट ऊंचे रावण का घूमता सिर विशेष रूप से दर्शनीय होगा। इसके अलावा यहां की आतिशबाजी भी देखने लायक होगी। रामलीला कमेटी कटला द्वारा इस वर्ष पहली बार दशहरे पर श्रीराम व रावण की सेना का जुलूस बाजारों से होकर पुराने राजकीय महाविद्यालय मैदान में पहुंचेगा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा होंगी और अध्यक्षता राजस्व मंत्री सावित्री जिंदल करेंगी। इसके अलावा सांसद नवीन जिंदल, समाजसेवी नंदकिशोर गोयनका, रामकुमार रावलवासिया, दुर्गादत्त जिंदल, बजरंग दास गर्ग, आरके गुप्ता विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित होंगे। मुलतानी चौक पार्क में नृसिंह प्रहलाद सभा की रामलीला कमेटी द्वारा 40 फुट ऊंचा रावण जलाया जाएगा।

श्री बद्री केदार रामलीला समिति द्वारा विद्युत नगर के नजदीक सेंटर स्टोर में भव्य दशहरा मेला होगा। इसमें सामाजिक संस्था सहयोग के अध्यक्ष राहुल तायल मुख्य अतिथि होंगे। होली चाइल्ड स्कूल सूर्य नगर के प्राचार्य राजपाल सिंह सिंधु कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। जिला शहरी कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सुशीला शर्मा राज्याभिषेकाध्यक्ष होंगी।

इसके अलावा सिरसा रोड स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में शिव मंदिर बड़ा पार्क में 25 फुट ऊंचा रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। यह कार्यक्रम शिव मंदिर युवा समिति द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वेदप्रकाश गर्ग बरवाला होंगे तथा अध्यक्षता पवन कुमार गोयल जुगलान वाले करेंगे। नरेंद्र मित्तल, त्रिलोक चंद सिंगला व सुभाष चंद्र गोयल विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित होंगे।

बरवाला में यहां होगा दहन
बरवाला. बाला जी रामलीला क्लब की ओर से सरहेड़ा मार्ग स्थित मैदान में रावण, मेघनाथ व कुंभकर्ण के पुतलों का दहन होगा। इसी प्रकार ढाणी गारण में पंचायत के मैदान में रावण का दहन किया जाएगा। इससे पहले रामलीला के कलाकार बरवाला शहर व ढाणी गारण गांव में रामायण की विभिन्न झांकियां दिखाएंगे।

कहां और कब होगा रावण दहन
जगह समय
पुराना राजकीय कॉलेज मैदान शाम 6 बजे
मुलतानी चौक पार्क शाम 6 बजे
विद्युत नगर शाम 6 बजे
हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी पार्क शाम 6 बजे

पुलिस भी चौकस, सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध
दशहरा पर्व पर रविवार को पुराना राजकीय कॉलेज मैदान पर होने वाले समारोह को लेकर जिला पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए हैं। डीएसपी सिटी पूर्णचंद पंवार ने बताया कि इस समारोह को लेकर मैदान के आसपास भारी पुलिस बल तैनात होगा।

फोरव्हीलर चौक, पारिजात चौक, नागोरी गेट, लक्ष्मी बाई चौक व फव्वारा चौक पर भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात होगा। इसके साथ-साथ घोड़ा पुलिस भी वहां तैनात होगी और यातायात को नियंत्रित करने के लिए भी इंतजाम किए गए हैं। ट्रैफिक इंचार्ज धनपत ने बताया कि यातायात व्यवस्था सुचारु बनाने के लिए अतिरिक्त पुलिस कर्मियों की सहायता ली जाएगी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: