मुंबई: अनिल अंबानी के स्वामित्व वाले रिलायंस कम्युनिकेशन ने अमेरिका जाने वाले यूजर्स के लिए इंटरनेशनल डॉटा रोमिंग प्रारंभ की है। इसके जरिए यूजर्स को लेपटॉप और कंप्यूटर्स पर मोबाइल के जरिए ही इंटरनेट कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
कंपनी के प्रेसिडेंट एसपी शुक्ला ने बताया कि रिलायंस टेलीकाम ने पिछले सप्ताह अमेरिका की प्रमुख टेलिकाम कंपनी वेरिजॉन के साथ समझौता किया है।
इसके जरिए रिलायंस देश की पहली सीडीएमए ऑपरेटर्स बन गई है, जो अमेरिका जाने वाले अपने यूजर्स को यह डाटा रोमिंग सुविधा उपलब्ध करा रही है। वे अब बिना सीम के ही कालिंग, ई मेल और नेट सर्फिग की सुविधा हासिल कर कर सकेंगे।
उल्लेखनीय है कि कंपनी ने दो साल पहले ही इंटरनेशनल वॉइस रोमिंग सुविधा प्रारंभ की थी। इसकी कॉल रेट जीएसएम की तुलना में 67 प्रतिशत कम है।
शुक्ला ने बताया कि अमेरिका के बाद कंपनी, कनाडा, लेटिन अमेरिका और उसके बाद जापान, कोरिया और चीन जैसे देशों में यह सुविधा प्रारंभ करेगा, जहां सीडीएमए तकनीकी से चलित मोबाइल हैं।