भुवनेश्वर.दक्षिण कोरिया की पॉस्को स्टील कंपनी उड़ीसा में लगाए जाने वाले अपने प्लांट के जगह में बदलाव करेगी। कंपनी ने परियोजना स्थल को लेकर हुए बवाल और विगत 13 अक्टूबर को परियोजना से जुड़े अधिकारियों को बंधक बनाए जाने की घटना के बाद यह फैसला किया है। इससे पूर्व पॉस्को के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कु ताएक ली ने घोषणा की थी कि एक अप्रैल 2008 से पॉस्को के संयंत्र का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। सूत्रों के मुताबिक पॉस्को ने स्थानीय लोगों के विरोध के उग्र तेवर को देखते हुए परियोजना स्थल में बदलाव करने का फैसला किया है।
पॉस्को के प्रवक्ता शशांक पटनायक ने कहा कि खूनी जंग से बचने के लिए पॉस्को संयंत्र को किसी दूसरी जगह पर शिफ्ट करने को प्राथमिकता देगी। पटनायक ने कहा कि पॉस्को लोगों से सहयोग से अपना संयंत्र चलाना चाहता है और यदि लोग इस परियोजना के स्थान से सहमत नहीं हैं तो पॉस्को किसी और जगह की तलाश करेगी।
गौरतलब है कि सीपीआई के महासचिव एबी बर्धन ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को पत्र लिखा था कि यदि उड़ीसा सरकार ने पॉस्को को भूमि देने के लिए किसानों से जोर जबर्दस्ती की तो खूनीजंग होगी।