बहराइच.उत्तर प्रदेश में श्रावस्ती के सेनवा क्षेत्र में आज जमीन के विवाद को लेकर एक ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या कर दी गई। मारे गए लोगों में एक महिला भी शामिल है।
श्रावस्ती के एसपी सत्येन्द्र कौल ने यूनीवार्ता को बताया कि हरगुन गांव के निवासी मंगरे का गांव के ही निवासी छेद्दू के साथ जमीन को लेकर विवाद था। मंगरे ने आज उसी जमीन पर अपनी बोई हुई फसल को अन्य लोगों द्वारा काटने का विरोध किया जिस पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।
बात बढ जाने पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई और हमलावरों ने मंगरे (45) के साथ उसके परिवार के सदस्य रामदयाल (40) ननकू (30) तथा एक महिला नाइबा (55) की धारदार हथियार से प्रहार करके हत्या कर दी। सूचना मिलने पर प्रशासन व पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने इस सिलसिले में छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।