बेंगलोर. कर्नाटक में साझा सरकार बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी से हाथ मिलाने की खबरों पर जेडी(एस) की खिंचाई करते हुए कम्युनिस्ट नेता सीताराम येचुरी ने पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा को अवसरवादी करार दिया।
सीपीआई(एम) नेता और पोलित ब्यूरो के सदस्य येचुरी ने देवगौड़ा की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि देवगौड़ा की अवसरवादिता मेरी समझ में वाकई नहीं आ रही है क्योंकि दस साल पहले उन्हें प्रधानमंत्री बनाने के लिए खुद मैंने व्यक्तिगत रूप से महती भूमिका निभाई थी। उन्होंने उस वक्त मुझसे कहा था कि हम सब एक साथ सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ खड़े होंगे।
येचुरी ने देवगौड़ा के भाजपा के साथ सरकार बनाने के लिए हाथ मिलाने की संभावनाओं को टर्न अराउंड की संज्ञा देते हुए कहा कि यह बहुत-बहुत आश्चर्यजनक और बेहद विरोधाभासी है। येचुरी ने यह आशंका भी जताई कि भाजपा-जेडीएस के कार्यकाल में भाजपा द्वारा सांप्रदायिक भावनाएं भड़काना स्वाभाविक है और ऐसे में राज्य में सांप्रदायिक ध्रुवीकरण के हालात पैदा हो सकते हैं।
येचुरी ने कहा कि फिलहाल इंतजार करना और देखना होगा कि देवगौड़ा भाजपा के साथ रिश्ता बनाने से बचते हैं या फिर एक बार अवसरवादिता को वे अपनी पहली प्राथमिकता बनाते हैं। गौड़ा के साथ भविष्य में फिर लेफ्ट पार्टियों के जुड़ने के सवाल पर येचुरी ने सफाई से जवाब देते हुए कहा कि यह कहना वाकई कठिन है कि देवगौड़ा भविष्य में कहां होंगे।