HomeNewsRajasthanShekhawati Shekhawati

दो बैंकों में सेंध,15 लाख चोरी

रींगस (सीकर). कस्बे में आई गैंग सोमवार रात एक साथ दो बैंकों में सेंधमारी कर 15 लाख रुपए चोरी कर ले गई। वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है। जानकारी के अनुसार कस्बे में सीकर केंद्रीय सहकारी ग्रामीण बैंक व राजस्थान ग्रामीण बैंक एक ही स्थान पर स्थित है।

सोमवार रात आए चोरों ने बैंक परिसर में घुसकर पीछे की तरफ से दोनों बैंकों की पत्थर से बनी दीवारों को तोड़कर होल बनाए और अंदर घुस गए। चोर सीकर केंद्रीय सहकारी ग्रामीण में घुसे और वहां रखी तिजोरी को आरी से काटकर खोल लिया। तिजोरी में 14 लाख 68 हजार दो सौ 28 रुपए व 81 पैसे रखे हुए थे। यह राशि चोरों ने तिजोरी से निकाल ली।

उसके बाद चोर पड़ोसी बैंक राजस्थान ग्रामीण बैंक की दीवार में बनाए गए होल से अंदर घुसे और वहां रखे कैश बाक्स को तोड़ लिया, लेकिन कैश बाक्स खाली मिला। कैश बाक्स खाली मिलने के बाद चोरों ने वहां दीवार में लगी तिजोरी को तोड़ने का प्रयास किया। तिजोरी दीवार में चुनी होने के कारण चोर उसे नहीं तोड़ पाए। पुलिस ने नाकेबंदी करवाकर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी।

मंगलवार सुबह आसपास के लोग बैंक परिसर में स्थित नल से पानी लेने के लिए वहां गए तो दीवारों में छेद देखकर पुलिस को सूचना दी। बैंक में सेंधमारी की सूचना मिलने पर पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया। पुलिस ने बैंक कर्मचारियों को सूचना देकर मौके पर बुलवाया। वारदात को देखकर मौके पर पहुंचे दोनों बैंकों के कर्मचारी सकते में आ गए। मौके पर एडीशनल एसपी समीर कुमार सिंह, डीएसपी राजेश मील व थाना प्रभारी मोहनसिंह मय जाब्ते के पहुंचे। पुलिस ने अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। पुलिस ने नाकेबंदी करवाकर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी।

पुलिस ने बताया कि सीकर सहकारी ग्रामीण बैंक मैनेजर गजेंद्रसिंह मीणा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि चोर बैंक के पीछे की दीवार तोड़कर तिजोरी में रखे 14 लाख 68 हजार दो सौ 28 रुपए 81 पैसे चोरी कर ले गए। चोरों ने पहले दिवार तोड़ी। इसके बाद तिजोरी को तोड़कर उसमे रखी संपूर्ण राशि ले गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।

चोरी होने से बचा राजस्थान ग्रामीण बैंक
राजस्थान ग्रामीण बैंक अधिकारियों की सतर्कता से सोमवार रात चोरी की वारदात से बचा जा सका। सूत्रों ने बताया कि अधिकारियों ने बैंक की तिजोरी को सुरिक्षत रखने के लिए दीवार में चुनवा दिया था। दीवार में फिट होने के कारण चोर तिजोरी को नहीं खोल पाए और राशि बच गई, जबकि दूसरे बैंक में तिजोरी अलग रखी थी और उसे काटकर खोलने में कामयाब हो गए।

बैंक वालों ने नहीं लिया सबक
कुछ दिनों पूर्व ही कस्बे से करीब 30 किलोमीटर दूर खंडेला के बैंक में हुई चोरी के बाद अधिकारियों ने कोई सबक नहीं लिया, जिससे एक माह के भीतर ही जिले में बैंक चोरी की दूसरी बड़ी घटना हुई। खंडेला में भी चोरों ने इसी तरह वारदात की थी। उस दौरान जिले में ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित सभी बैंक अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के लिए कहा गया था, लेकिन बैंक अधिकारियों ने इस तरफ कोई खास ध्यान नहीं दिया।

वारदात से सनसनी
कस्बे में एक साथ दो बैंकों में हुई सेंधमारी व करीब 15 लाख रुपए की चोरी की वारदात को लेकर लोगों में सनसनी फैल गई। सोमवार सुबह जैसे ही लोगों को वारदात का पता चला वहां भीड़ जमा हो गई। वारदात के बाद जिले में ग्रामीण क्षेत्र में स्थित बैंक अधिकारियों में भी खलबली मची हुई है और वे अपने बैंकों को लेकर भी आशंकित हैं।

एफएसएल टीम ने किया मुआयना
बैंकों में सेंधमारी की वारदात के बाद सुबह पुलिस अधिकारियों ने मौके पर एफएसएल टीम को बुलाया और बैंक तिजोरी व अन्य सामान से फिंगर प्रिंट, फर्श से फुट प्रिंट उठाए गए। पुलिस मामले की गहनता से जांच-पड़ताल कर रही है।

एक ही गैंग की तीन वारदात
रींगस में सोमवार रात हुई एक साथ दो बैंकों में सेंधमारी की वारदात व पिछले दिनों खंडेला के बैंक में हुई वारदात का तरीका एक जैसा ही है। पुलिस को संदेह है कि यह वहीं गैंग है, जिसने खंडेला के बैंक में वारदात की थी। दोनों का वारदात करने का तरीका एकदम मिलता-जुलता है।

* दोनों वारदात खंडेला की वारदात से मिलती जुलती हैं। यह कोई गैंग है। पुलिस मामले की गहन जांच पड़ताल कर रही है और चोरों की तलाश में पुलिस टीमें भेजी जा रही हैं।
-आलोक वशिष्ठ, एसपी, सीकर





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: