HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

डकैत जगन ने दो को भूना

बाड़ी/धौलपुर. दस्यु जगन गुर्जर गिरोह का कहर क्षेत्र में फिर बरपा। सोमवार रात इस गिरोह ने गांव बटेश्वर खुर्द के एक मकान में घुसकर अंधाधुंध गोलियां चलाईं। इससे दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। इस घटना से पहले डकैतों ने धौंध गांव में भी फायरिंग की। यहां कोई हताहत नहीं हुआ है। इन वारदातों से क्षेत्र में दहशत है।

दस्यु जगन गुर्जर और उसके गिरोह ने सोमवार रात करीब एक बजे बटेश्वर खुर्द में दौलतराम के घर पर धावा बोला। डकैतों ने सोते हुए लोगों पर गोलियां बरसरई। इससे 50 वर्षीया महावीरो पत्नी स्व. दौलतराम तथा 40 वर्षीय रामप्रसाद पुत्र फतेह सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। कप्तान पुत्र दाताराम, रामदुलारी पत्नी दाताराम और रामभजन पुत्र दौलतराम घायल हो गए।

घायलों के अनुसार डकैत तीन थे। वे करीब आधा घंटा इस घर में रुके रहे। घटना को लेकर जगन, लाल सिंह तथा पान सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। इससे पहले दौलत के बड़े बेटे रामपूजन की तलाश में डकैतों ने धौंध गांव में भी फायरिंग की। यहां सफल नहीं होने पर वे बटेश्वर खुर्द पहुंच गए।

दूसरा हमला : इस परिवार पर जगन का कहर दूसरी बार टूटा है। वर्ष 1998 में इसी परिवार पर हमला कर जगन ने दौलतराम की हत्या कर दी थी।

अधिकारी पहुंचे : जिला पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह, सीओ बाड़ी रेवंत दान के अलावा उपखंडाधिकारी हिम्मतसिंह बारहठ ने बटेश्वर खुर्द का दौरा किया। अधिकारियों ने पीड़ित परिजनों से मिलकर उन्हें ढाढ़स बंधाया।

लाइसेंस नहीं : डकैतों की गतिविधियों के कारण प्रशासन पिछले कई सालों से बटेश्वर खुर्द गांव में हथियार लाइसेंस स्वीकृत नहीं कर रहा है।

इनाम घोषित है : जगन पर करीब 40 हजार रुपए का इनाम घोषित है। इसका गिरोह राजस्थान, मध्यप्रदेश व उत्तरप्रदेश में सक्रिय है। गिरोह में जगन के तीन भाइयों के अलावा एक दर्जन सदस्य हैं। गिरोह में शामिल कोमेश नाम की महिला पर भी धौलपुर पुलिस ने 500 रुपए का इनाम घोषित कर रखा है।

* घटना का कारण आपसी रंजिश है। दस्यु जगन की तलाश में टीमें रवाना की गई हैं। गांव में आरएसी से कैंप करने को कहा गया है। संदेहास्पद स्थानों पर छापामार कार्रवाई की जाएगी।
-देवेंद्र सिंह पुलिस अधीक्षक, धौलपुर





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: