जयपुर. मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा है कि प्रदेश भाजपा का नेतृत्व बदलने और मंत्रिमंडल के विस्तार की बातें सिर्फ कल्पनाओं में घूम रही हैं। उन्होंने सवाल किया कि ऐसी बातों को हर रोज अखबार और टीवी में क्यों लाया जा रहा है।
पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रकाश जावडेकर ने ‘भास्कर’ से कहा कि प्रदेश को लेकर ऐसा कोई फैसला सोमवार को दिल्ली में हुई बैठक में नहीं किया गया। उल्लेखनीय है कि एक अखबार में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेश चंद्र शर्मा को हटाने की अटकलें प्रकाशित हुई थीं। खुद महेशचंद्र शर्मा का भी कहना था कि दिल्ली में मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की बैठक में पार्टी अध्यक्ष को बदलने को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई। शर्मा बुधवार को संवाददाताओं से रू-ब-रू भी होने वाले हैं।
उधर ‘विराम’, इधर ‘विस्मय’
इस बीच मंगलवार को दिनभर यह चर्चा रही कि कटारिया को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मुख्यालय नागपुर बुलाया गया है। संघ के नजदीकी सूत्रों से जब इस बारे में जानकारी चाही गई तो उन्होंने अचरज जताते हुए कहा कि नागपुर में फैसला लेने वाले तो राजस्थान में ही घूम रहे हैं।