भोपाल. एमएएनआईटी के छात्रों द्वारा सोमवार की रात टीन शेड स्थित शराब की दुकान के कर्मचारियों के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने दस छात्रों के खिलाफ हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज किया है।
वहीं एक छात्र की शिकायत पर ठेकेदार और उनके कर्मचारियों के खिलाफ मारपीट और बलवे का मुकदमा दर्ज किया गया है। सोमवार रात छात्रों ने शराब की दुकान से बीयर की दो बोतलें खरीदी थीं। यहां पर दस रुपए ज्यादा लेने पर उनका विवाद हो गया था।
इस पर दोनों पक्षों में विवाद होने के बाद जमकर लाठी डंडे चले थे। दुकान के मैनेजर ने तीन हवाई फायर भी किए थे। इस मारपीट में दुकान के मैनेजर उदय सिंह, सेल्स मैन अभिमन्यु सिंह, चैन सिंह और अनिल साहू को चोट आई थी।
जिसमें उदय की हालत गंभीर बताई गई है। पुलिस ने अभिमन्यु की शिकायत पर मैनिट के आठ से दस अज्ञात छात्रों के खिलाफ हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज किया है। इस उत्पात में मैनिट के राहुल शाक्य, विश्वजीत, नितिन समेत दस छात्रों को चोट आई है।
राहुल, विश्वजीत और नितिन मंगलवार की दोपहर टीटी नगर थाने पहुंचे थे। उन्हें भी सिर और चेहरे पर गंभीर चोट आई हैं। पुलिस ने राहुल की शिकायत पर शराब की दुकान के आठ से दस कर्मचारियों के खिलाफ धारदार हथियार से हमला करना और बलवे का प्रकरण दर्ज किया है।
हत्या के चारों आरोपी फरार
इतवारा इलाके में सोमवार की रात पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की चाकूओं से गोद कर हत्या करने वाले चारों आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में उनके ठिकानों पर दबिश दे रही है।
मंगलवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया है। जानकारी के मुताबिक सोमवार की रात इतवारा इलाके में छावनी मंगलवारा निवासी आमिर अली की साजिद, आरिफ, गुड्डू और आमिर ने हत्या कर दी थी। मृतक का आरोपियों के भाई से विवाद चल रहा था।
पुलिस ने इस मामले में मोहल्ला सुधार समिति के सचिव शफीक उर्रहमान की शिकायत पर हत्या का प्रकरण दर्ज किया था। इस घटना के बाद चारों आरोपी फरार हैं। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में रूस्तम खां का अहाता, शाहजहांनाबाद, काजी कैंप, इतवारा समेत आधा दर्जन से ज्यादा स्थानों पर दबिश दी, लेकिन उनका पता नहीं चला है।