bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

राइस मिलर के घर डकैती का प्रयास

बिलासपुर. राइसमिलर के घर बिल्हा में सोमवार की रात 10-12 हथियारबंद नकाबपोशों ने डकैती का प्रयास किया। राइसमिलर की पत्नी द्वारा दरवाजा बंद कर लिए जाने पर आरोपी अंदर नहीं घुस सके। बाद में पड़ोसियों के इकट्ठा हो जाने पर डकैत भाग निकले।

बिल्हा के केसला निवासी मुरारीलाल मित्तल की गांव में ही राइस व आइल मिल हैं। मिल व उनका घर जुड़ा हुआ है। कल रात करीब एक बजे 10-12 हथियारबंद नकाबपोश मिल के पीछे की ओर से टीन का शेड हटाकर अंदर घुसे। नकाबपोश अपने पास नट-बोल्ट खोलने का औजार लेकर आए थे। डकैतों ने मिल के पास सो रहे चौकीदार को अपने कब्जे में लिया।

मुरारी अग्रवाल नीचे सो रहे थे, जबकि उनके परिजन ऊपरी मंजिल पर थे। नकाबपोश उनके पास पहुंचे और रुपए की मांग करने लगे। उन्होंने रुपए नहीं होने की बात कही तो नकाबपोशों ने उनके साथ हाथापाई की। इसके बाद एक नकाबपोश चौकीदार को साथ लेकर ऊपर गया। चौकीदार की आवाज सुनकर श्री मित्तल की पत्नी ने दरवाजा खोला।

चौकीदार ने उन्हें घर में डकैत घुसे होने की जानकारी दी तो उन्होंने दरवाजा बंद कर लिया। बाहर खड़े डकैत ने उनसे दो लाख रुपए की मांग की। श्री अग्रवाल की पत्नी ने उन्हें रुपए की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया। इसके बाद उन्होंने अपने बेटे रोहितास को जगाया और टेलीफोन पर पड़ोसियों व परिजन को घर में डकैत घुसे होने की जानकारी दी।

पड़ोसियों ने उनके मकान को घेरना प्रारंभ कर दिया। इस बीच डकैतों को भी इसकी भनक लग गई। जल्दबाजी में उन्होंने राइसमिल का गल्ला उठाया और फरार हो गए। गल्ले में 305 रुपए थे। इधर मुरारीलाल मित्तल के परिजन ने बिलासपुर पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दे दी थी।

सूचना पाकर एसपी प्रदीप गुप्ता, एएसपी सिटी बद्रीनारायण मीणा समेत आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने नकाबपोशों की तलाश प्रारंभ कर दी। राइस मिल के पीछे खेत में नट-बोल्ट खोलने का औजार, एक गंडासा, चप्पल आदि बरामद हुए हैं, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस ने मामले में धारा 458, 380 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।

राइस मिलर्स एसोसिएशन ने की गिरफ्तारी की मांग:
हमारे बिल्हा संवाददाता के मुताबिक छत्तीसगढ़ राइस मिलर्स एसोसिएशन ने मुरारी मित्तल के मकान व मिल में डकैती के निंदा की है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

एक आरोपी पकड़ा गया
डकैती की सूचना पर आज सुबह डाग स्क्वाड के साथ पुलिस टीम केसला पहुंची। पुलिस डाग को मिल से छोड़ा गया तो गांव के बाहर स्थित एक घर में रुक गया। पुलिस ने दरवाजे पर दस्तक दी, तो व्यक्ति सुबह 10 बजे सो रहा था।

पुलिस ने संदेह के आधार पर उसे हिरासत में ले लिया। बताया जाता है कि राइसमिलर श्री मित्तल की पत्नी ने आरोपी के रूप में उसकी शिनाख्त कर ली है। उसके अन्य साथियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: