News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. सोमवार को छापा मारकर पकड़े गए बिजली चोरी के दो मामलों में उपभोक्ताओं को पौने 29 हजार रुपए का जुर्माना बिल विद्युत मंडल ने जारी किया। हालर मिल संचालक को 20 हजार 475 रुपए तो जेपी विहार में घरेलू कनेक्शन में बिजली चोरी के दोषी उपभोक्ता को 9 हजार 210 रुपए का जुर्माना बिल विद्युत मंडल के नगर संभाग अंतर्गत नेहरू नगर जोन ने जारी किया।
उपभोक्ताओं को जल्द से जल्द बिल की राशि जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। इधर ओवरलोड बिजली के तीन मामलों में संबंधित उपभोक्ताओं को जुर्माना बिल जारी किया जाएगा। फिलहाल, उन्हें देने के लिए आफिस में बिल तैयार किया जा रहा है।
लोड की चेकिंग से परेशान उपभोक्ता
उपभोक्ताओं द्वारा विद्युत मंडल के आला अधिकारियों से शिकायत की जा रही है कि विद्युत मंडल के कर्मचारियों द्वारा उनके घरों में कनेक्शनों की जांच कर लोड का पता लगाया जा रहा है। जरा सा भी लोड अधिक मिलने पर उन्हें लोड बढ़ाने की सलाह दी जा रही है, जबकि सभी के लिए ये संभव नहीं है।
लोड बढ़वाने के लिए विद्युत मंडल कार्यालय में आवेदन करने के अलावा विद्युत ठेकेदार का अप्रुवल होना भी जरूरी है। इसके अलावा अन्य समस्याएं भी इस दौरान उपभोक्ताओं को झेलनी पड़ती है। फिलहाल अधिकारियों ने उनकी फरियाद के बाद कोई जवाब नहीं दिया है।