अजमेर. दरगाह में विस्फोट से पहले बैग में रखे बम को लिए वहीं घूम रहे संदिग्ध आतंकी को देखने का दावा करने वाली महिला को पुलिस ने मंगलवार को निगरानी में ले लिया है। उसी ने घटना के बाद लोगों को संदिग्ध आतंकी को देखने की बात कही थी। महिला के बारे में जानकारी मिलने के बाद से ही पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी।
पुलिस के अनुसार स्पेशल ड्यूटी पर तैनात डीएसपी लोकेश सोनवाल ने मंगलवार को दरगाह थाने के पुलिसकर्मियों के साथ झालरा इलाके में खादिम के यहां नौकरी करने वाली बिस्मिल्ला बी से पूछताछ की। उसने बताया कि वह विस्फोट के पहले दरगाह में मौजूद थी। पुलिस उससे घटना स्थल और आस-पास के लोगों की गतिविधियों के बारे में पूछताछ कर रही है।